14 वर्षीय प्रतिभाशाली खिलाड़ी ने 140 प्रतिभागियों के बीच शानदार प्रदर्शन... शतरंज की बिसात पर छपारा की बेटी का कमाल...!
20 May, 2026
28 व्यूज
सिवनी नायक दर्पण
सिवनी जिले के छपारा नगर की होनहार शतरंज खिलाड़ी तनिष्का श्रीवास्तव ने मध्यप्रदेश के शहडोल में आयोजित विराट ऑल इंडिया ओपन चेस टूर्नामेंट 2026 (Below 1800) में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले और नगर का नाम गौरवान्वित किया है।
यह प्रतियोगिता 16 एवं 17 मई 2026 को शहडोल में आयोजित की गई, जिसमें मध्यप्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के लगभग 140 खिलाड़ियों ने भाग लिया। सात राउंड की इस प्रतियोगिता में तनिष्का ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए चार मुकाबलों में जीत और दो मुकाबलों में ड्रा खेलकर कुल 5 अंक अर्जित किए।
महिला वर्ग में तनिष्का श्रीवास्तव और शिवांगी सोनी दोनों ने समान 5 अंक प्राप्त किए, लेकिन बेहतर टाई-ब्रेक स्कोर के आधार पर शिवांगी सोनी को प्रथम स्थान मिला, जबकि तनिष्का उपविजेता रहीं।
छपारा जैसे छोटे नगर से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाली तनिष्का श्रीवास्तव ने मात्र 13 वर्ष की आयु में चार बार राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिताओं में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व किया है। वे आज तक सिवनी जिले की एकमात्र महिला इंटरनेशनल रेटिंग प्राप्त शतरंज खिलाड़ी हैं।
तनिष्का की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जिला शतरंज संघ सिवनी, जिले के शतरंज खिलाड़ियों तथा खेल प्रेमियों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!