भाई की जगह परीक्षा दे रहा था युवक, कॉलेज प्रशासन की सतर्कता से खुला पूरा खेल... परीक्षा में फर्जीवाड़ा उजागर FIR के लिए कोतवाली को भेजा गया मामला...

22 May, 2026 103 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण


प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस (शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय) सिवनी में आयोजित विश्वविद्यालयीन परीक्षा के दौरान फर्जी परीक्षार्थी बनकर परीक्षा देने का मामला सामने आया है। महाविद्यालय प्रशासन की सतर्कता से यह पूरा प्रकरण उजागर हुआ, जिसके बाद तत्काल नकल प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 13 मई 2026 को प्रातः 7 बजे से 10 बजे की पाली में बी.ए. प्रथम वर्ष अर्थशास्त्र विषय (माइक्रो इकोनॉमिक्स) की परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा कक्ष क्रमांक 46 में बैठा परीक्षार्थी रोल नंबर 426020819, अनुज गहलोद, स्वास्थ्य खराब होने का हवाला देकर मास्क लगाकर परीक्षा दे रहा था।
ड्यूटी पर तैनात वीक्षकों को संदेह होने पर उन्होंने तत्काल इसकी सूचना परीक्षा नियंत्रण कक्ष को दी। इसके बाद परीक्षा नियंत्रण कक्ष की टीम ने संबंधित परीक्षार्थी की गहन जांच की। प्रवेश पत्र एवं अभिप्रमाणन पत्र में लगे फोटो का मिलान करने पर स्पष्ट हुआ कि परीक्षा दे रहा व्यक्ति वास्तविक छात्र नहीं था।
पूछताछ और सत्यापन के दौरान संबंधित युवक ने स्वीकार किया कि वह अजय गहलोद है और अपने भाई अनुज गहलोद के स्थान पर परीक्षा देने आया था। यह स्वीकारोक्ति नकल प्रकरण फॉर्म P-17 में दर्ज की गई।
महाविद्यालय प्रशासन द्वारा तत्काल विश्वविद्यालयीन नियमों के तहत नकल प्रकरण दर्ज कर आवश्यक साक्ष्य एवं फोटोग्राफ संकलित किए गए। साथ ही मामले की जानकारी वरिष्ठ केन्द्राध्यक्ष एवं प्राचार्य द्वारा उसी दिन सिटी कोतवाली सिवनी तथा राजा शंकर शाह विश्वविद्यालय प्रशासन को भेज दी गई।
महाविद्यालय प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ समाचार माध्यमों और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर परीक्षा संचालन को लेकर जो भ्रामक जानकारियां प्रसारित की जा रही हैं, वे पूरी तरह तथ्यहीन हैं। कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि यह मामला किसी बाहरी हस्तक्षेप से नहीं बल्कि महाविद्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों की सतर्कता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के कारण सामने आया।
प्राचार्य डॉ. रविशंकर नाग ने कहा कि महाविद्यालय भविष्य में भी परीक्षा की पवित्रता, गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए कठोर एवं पारदर्शी कार्रवाई जारी रखेगा।