एनसीसी वार्षिक प्रशिक्षण कैंप संपन्न... 600 कैडेट्स ने लिया सैन्य एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण पीजी कॉलेज सिवनी की प्राची ताराम और शिवानी कुमरे सम्मानित “एक गोली, एक दुश्मन” के मूल मंत्र के साथ दिया गया फायरिंग प्रशिक्षण

23 May, 2026 95 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण


24 एमपी बटालियन के कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल अमनप्रीत सिंह के नेतृत्व एवं निर्देशन में छिंदवाड़ा के कन्या शिक्षा परिसर में एनसीसी का वार्षिक प्रशिक्षण कैंप आयोजित किया गया। कैंप में छिंदवाड़ा, सिवनी एवं पांढुर्णा जिले के लगभग 600 एनसीसी कैडेट्स ने सहभागिता कर विभिन्न सैन्य एवं व्यक्तित्व विकास संबंधी प्रशिक्षण प्राप्त किए।
पीजी कॉलेज सिवनी से सीनियर अंडर ऑफिसर शिवानी कुमरे के नेतृत्व में 8 कैडेट्स का दल कैंप में शामिल हुआ। महाविद्यालय की एनसीसी इकाई के अधिकारी लेफ्टिनेंट पवन कुमार वासनिक ने भी प्रशिक्षण गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कैंप में एसडीईआरएफ द्वारा आपदा प्रबंधन एवं आपदा के समय एनसीसी कैडेट्स की भूमिका पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया। कैडेट्स को पानी में डूब रहे लोगों को बचाने, स्थानीय संसाधनों से बचाव उपकरण तैयार करने तथा आग बुझाने की विभिन्न तकनीकों की जानकारी दी गई।
वन संरक्षण विषय पर फॉरेस्ट ऑफिसर श्री परिहार ने विद्यार्थियों को वनों एवं वन्य जीवन के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि वन मानव जीवन और पर्यावरण के लिए अमूल्य धरोहर हैं तथा इनके संरक्षण के लिए युवाओं को आगे आना चाहिए।
सेना के जवानों द्वारा कैडेट्स को फायरिंग प्रशिक्षण भी दिया गया। इस दौरान निशानेबाजी की तकनीक, सुरक्षा नियमों एवं सटीक लक्ष्य साधने के महत्व को समझाया गया। जवानों ने बताया कि फायरिंग का मूल सिद्धांत एक गोली एक दुश्मन पूर्ण एकाग्रता एवं अनुशासन का प्रतीक है।
कैंप में टेंट लगाने, फायर फाइटिंग, फील्ड क्राफ्ट, बैटल क्राफ्ट, फील्ड सिग्नल एवं बाधा प्रशिक्षण जैसी साहसिक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया।
लेफ्टिनेंट पवन कुमार वासनिक ने बताया कि कैंप की दिनचर्या पूरी तरह अनुशासित रही। सुबह 5 बजे से शुरू होने वाली गतिविधियों में पीटी, योग, ड्रिल प्रशिक्षण एवं क्लासरूम अध्ययन शामिल रहा। कैडेट्स को मैप रीडिंग, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, हथियार प्रशिक्षण, नेतृत्व क्षमता एवं व्यक्तित्व विकास जैसे विषयों की जानकारी भी दी गई।
प्रतिदिन विशेषज्ञों द्वारा हेल्थ एंड हाइजीन, वन संरक्षण, आपदा प्रबंधन, योग, अग्निवीर एवं सैन्य भर्ती विषयों पर विशेष व्याख्यान आयोजित किए गए। वहीं शाम के समय खेल गतिविधियों में कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कैंप के समापन अवसर पर लेफ्टिनेंट कर्नल अमनप्रीत सिंह ने सभी कैडेट्स को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को सम्मानित भी किया गया, जिसमें पीजी कॉलेज सिवनी की प्राची ताराम एवं शिवानी कुमरे को विशेष सम्मान प्राप्त हुआ।