मनोहर चाय की कड़वाहट उजागर! बिना निर्माण तिथि-बैच नंबर बिक रही थी 340 किलो चाय, खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई

17 Jan, 2026 221 व्यूज
Main Photo
जबलपुर।नायक दर्पण
नागरिकों को सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को शहर के रामपुर, मेडिकल, चारखम्भा एवं धनवंतरीनगर स्थित मनोहर चाय आउटलेट्स पर सघन निरीक्षण किया। कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत की गई।
🔍 लेबल गायब, नियम नदारद
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि आउटलेट्स में विक्रय हेतु रखे गए चाय पैकेट्स पर निर्माण तिथि एवं बैच नंबर अंकित नहीं पाए गए, जो उपभोक्ता सुरक्षा के दृष्टिकोण से गंभीर लापरवाही है।
🚨 340 किलो चाय जप्त
गंभीर अनियमितता पाए जाने पर मेडिकल एवं धनवंतरीनगर स्थित मनोहर चाय आउटलेट्स से 14 बैग में रखी लगभग 340 किलोग्राम चाय जप्त की गई। जप्त चाय के पैकेट्स पर आवश्यक वैधानिक घोषणाओं का पूर्णतः अभाव था।
🧪 भोपाल भेजे गए नमूने
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा जप्त चाय के नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं।
अभिहित अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा के निर्देशानुसार यदि परीक्षण में अधिनियम के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधितों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर माननीय सक्षम न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
⚠️ मिलावट और लापरवाही पर सख्त संदेश
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों की अनदेखी करने वालों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।