प्रतिभाओं का रूद्रावतार हनुमान मंदिर समिति ने किया सम्मानित...राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में चमका सिवनी, खिलाड़ियों ने बढ़ाया जिले का मान...!

25 May, 2026 103 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रूद्रावतार हनुमान मंदिर समिति, जिला अस्पताल के सामने सिवनी द्वारा रविवार 24 मई को सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दो होनहार खिलाड़ियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समिति के अध्यक्ष दिलीप डहरवाल सहित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने खिलाड़ियों को सम्मान पत्र एवं ट्रैक सूट भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
भैरोगंज निवासी जोगेश ठाकुर के पुत्र शिवम ठाकुर ने पुणे (महाराष्ट्र) में आयोजित राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया। शिवम की इस उपलब्धि से पूरे जिले का गौरव बढ़ा है।
वहीं एकता कॉलोनी निवासी अर्जुन विश्वकर्मा के पुत्र धैर्य विश्वकर्मा ने इंदौर में आयोजित राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अर्जित किया और जिले का नाम रोशन किया।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष दिलीप डहरवाल ने कहा कि खेल, शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित करना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने घोषणा की कि भविष्य में मंदिर से जुड़े जो भी बच्चे जिला एवं राज्य स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करेंगे, उनका समिति द्वारा सम्मान किया जाएगा। साथ ही कक्षा 10वीं एवं 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
समारोह में मंदिर के पुजारी अर्जुन पण्डा, बलराम बंजारा, विजय शुक्ला, रविशंकर निर्मलकर, अमित मिश्रा, जोगेश ठाकुर, अजय गुप्ता, अमित महाजन, शिवशंकर पैठानिया, केवल राय, विशाल ठाकुर, उमाशंकर चौधरी, विकास निगुडकर, विनेश बघेल, सुरेश यादव सहित बड़ी संख्या में समिति सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।