संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करो जैन समाज ने उठाई कठोर कार्रवाई की मांग...न्याय की मांग को लेकर हजारों कदम एक साथ प्रशासन को सौंपा ज्ञापन...!

26 May, 2026 120 व्यूज
Main Photo
घंसौर/सिवनी नायक दर्पण

रीवा में पूजनीय आर्यिका माता जी की सड़क दुर्घटना में हुई दुखद मृत्यु को लेकर संपूर्ण मध्यप्रदेश के साथ घंसौर नगर में भी गहरा आक्रोश देखने को मिला। सोमवार को सकल दिगंबर जैन समाज द्वारा मौन आक्रोश रैली निकालकर घटना के प्रति दुख, श्रद्धांजलि और न्याय की मांग को मुखर रूप से व्यक्त किया गया। इस घटना ने जैन समाज ही नहीं बल्कि आमजन को भी भावुक और चिंतित कर दिया है।
घंसौर में आयोजित यह मौन रैली पारसनाथ दिगंबर जैन मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से निकली। रैली में बड़ी संख्या में समाज के पुरुष, महिलाएं, युवा एवं बच्चे शामिल हुए। पूरे आयोजन में अनुशासन, एकता और संवेदनशीलता का विशेष स्वरूप देखने को मिला। बिना नारेबाजी के निकली इस रैली ने मौन के माध्यम से ही प्रशासन तक गहरा संदेश पहुंचाया।
रैली में शामिल समाजजनों के चेहरों पर दुख और आक्रोश साफ दिखाई दे रहा था। लोगों का कहना था कि यह केवल एक सड़क दुर्घटना नहीं बल्कि गंभीर जांच का विषय है। समाजजनों ने मांग की कि घटना की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
रैली के दौरान लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर संत समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि साधु-संत भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा की अमूल्य धरोहर हैं तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना शासन और प्रशासन की जिम्मेदारी है। भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए ठोस और प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए।
आंदोलन के समापन पर समाज की ओर से देश के गृह मंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन स्थानीय एसडीएम को सौंपा गया। ज्ञापन में घटना की निष्पक्ष जांच, दोषियों को सख्त सजा और साधु-संतों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए जाने की मांग रखी गई।
समाजजनों ने एक स्वर में कहा कि यह केवल विरोध प्रदर्शन नहीं बल्कि श्रद्धा, सम्मान और न्याय की मांग का प्रतीक है। घंसौर की सड़कों पर निकली यह शांत मौन रैली प्रशासन और व्यवस्था के सामने कई गंभीर सवाल छोड़ गई है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन इस जनभावना पर कितनी गंभीरता से कार्रवाई करता है।