साईंपुरम में भव्य साईं पालकी शोभायात्रा....साईं बाबा के दिव्य चरण पादुका दर्शन, 19 से 22 जनवरी तक साईं उत्सव व साईं मेला

17 Jan, 2026 153 व्यूज
Main Photo

सिवनी।नायक दर्पण
मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। साईं बाबा द्वारा धारण की गई मूल चरण पादुका के दिव्य दर्शन का सौभाग्य सिवनीवासियों को पहली बार प्राप्त होने जा रहा है। इस अवसर पर साईं उत्सव एवं साईं मेला का आयोजन 19 जनवरी से 22 जनवरी 2026 तक साईंपुरम, सिवनी (म.प्र.) में किया जाएगा।
आयोजन के अंतर्गत 19 जनवरी 2026 को प्रातः 10 बजे भव्य साईं पालकी एवं चरण पादुका दर्शन शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा बल्कि क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण का सृजन भी करेगा।
आयोजकों के अनुसार यह मध्यप्रदेश में प्रथम अवसर है, जब सिवनी की पावन धरा पर साईं बाबा की दिव्य चरण पादुका का आगमन हो रहा है। चार दिवसीय इस साईं उत्सव के दौरान भजन, कीर्तन, सत्संग एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
इस भव्य आयोजन का दायित्व ॐ श्री शिरडी साईं मंदिर ट्रस्ट, साईंपुरम, सिवनी (म.प्र.) द्वारा निभाया जा रहा है। ट्रस्ट ने समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर साईं बाबा के दिव्य दर्शन का लाभ लेने की अपील की है।