मेहनत का सम्मान, उज्ज्वल भविष्य की तैयारी का बनेगा मंच... 75% से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों का होगा सम्मान...!
01 Jun, 2026
42 व्यूज
सिवनी नायक दर्पण
विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने एवं उन्हें भविष्य के लिए सही दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से कौशल श्री विकास समिति द्वारा “प्रतिभा का उत्सव, भविष्य की तैयारी” थीम पर प्रतिभा सम्मान समारोह 2026 का आयोजन 3 जून को दोपहर 2 बजे शासकीय पी.जी. कॉलेज (प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज) में किया जाएगा।
समिति की ओर से जानकारी देते हुए अजय (बाबा) पांडे एवं सतीश बिल्लौरे ने बताया कि यह समारोह 12वीं कक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान के लिए आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल प्रतिभाओं का सम्मान करना ही नहीं, बल्कि उन्हें करियर चयन, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, छात्रवृत्ति योजनाओं एवं भविष्य की संभावनाओं के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराना भी है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दिनेश राय उपस्थित रहेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी एस. कुमरे एवं डॉ. आर.एस. नाग, प्राचार्य पीजी कॉलेज सहित शिक्षा जगत से जुड़े गणमान्य नागरिक, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल होंगे।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों से संवाद करने तथा अपने भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्नों के उत्तर प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा। समिति ने जिले के सभी पात्र विद्यार्थियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
“प्रतिभा का सम्मान ही उज्ज्वल भविष्य की पहली सीढ़ी है” — इसी संदेश के साथ यह आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और भविष्य निर्माण को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!