प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान...विद्यार्थियों को दिखाया सफलता का रास्ता..!
03 Jun, 2026
24 व्यूज
सिवनी नायक दर्पण
विद्यार्थियों की प्रतिभा को सम्मानित करने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से कौशल श्री विकास समिति द्वारा आयोजित “प्रतिभा का उत्सव, भविष्य की तैयारी” थीम पर प्रतिभा सम्मान समारोह 2026 का आयोजन शासकीय पी.जी. कॉलेज (प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज) सिवनी में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह के मुख्य अतिथि विधायक दिनेश (मुनमुन) राय रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता अजय (बाबा) पांडे ने की। विशेष अतिथि के रूप में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.एस. नाग उपस्थित रहे। इस अवसर पर 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण करियर मार्गदर्शन सत्र रहा, जिसमें विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, करियर विकल्पों, स्कॉलरशिप एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। डॉ. अनिल तिवारी (रवींद्रनाथ टैगोर यूनिवर्सिटी, भोपाल), विकास पवार (एलएनसीटी ग्रुप) एवं परवेज़ कुरैशी (प्रेस्टीज ग्रुप) ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच के महत्व पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
कौशल श्री विकास समिति के अध्यक्ष सतीश बिल्लौरे ने कहा कि समिति का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों का सम्मान करना नहीं, बल्कि उन्हें भविष्य की नई संभावनाओं से जोड़कर सही दिशा प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि समिति मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में लगातार प्रतिभा सम्मान एवं करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
कार्यक्रम में समिति के राजेश, राकेश बावरिया एवं आशीष मेहरा की विशेष उपस्थिति रही। संचालन के.सी. बापू सर ने प्रभावी एवं रोचक ढंग से किया। अंत में अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए ऐसे आयोजनों को समय की आवश्यकता बताया।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!