70 लीटर महुआ शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, 21 हजार रुपये की अवैध शराब जब्त

04 Jun, 2026 7 व्यूज
Main Photo

नायक दर्पण/बालाघाट।
जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नवेगांव (ग्रामीण) पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 70 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 3 जून 2026 को सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम लिंगा एवं नवेगांव के बीच सड़क किनारे खेत में आम के पेड़ के नीचे दो व्यक्ति अवैध महुआ शराब बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना नवेगांव (ग्रामीण) पुलिस ने तत्काल मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी भागने लगे, जिनमें से एक आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्रांत कटरे (36 वर्ष), निवासी ग्राम परसवाड़ा के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी महेश कावरे निवासी ग्राम लिंगा के साथ मिलकर अवैध रूप से महुआ शराब बनाकर बेचता था।
पुलिस ने मौके से पांच प्लास्टिक जरीकेनों में भरी कुल 70 लीटर हाथ भट्टी से निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 21 हजार रुपये बताई गई है। जब्त शराब को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। थाना नवेगांव (ग्रामीण) में अपराध क्रमांक 174/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि रमेश जाट, सउनि जितेंद्र भिमटे, प्रभुदयाल बिसेन, सुविता बघेल, सुनील बघेल, हरेराम सिंह, अरविंद गजुरे, मेघा एवं संजय गोदरे की सराहनीय भूमिका रही।