धर्म, संस्कृति और संस्कारों का संदेश देगा हथनापुर का विराट हिंदू सम्मेलन

17 Jan, 2026 121 व्यूज
Main Photo

सिवनी नायक दर्पण
सनातन धर्म की सामाजिक समरसता को सशक्त करने के उद्देश्य से हथनापुर में 18 जनवरी को विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह भव्य आयोजन सकल हिंदू समाज क्षेत्रवासियों के तत्वावधान में संपन्न होगा, जिसमें आसपास के गांवों एवं कस्बों से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में परम् पूज्य गीता मनीषी ब्रह्मचारी निर्विकल्प स्वरूप महाराज (परमहंसी आश्रम, श्रीधाम गोटेगांव) उपस्थित रहेंगे। महाराज जी अपने सरल, प्रेरणादायक और सारगर्भित विचारों के माध्यम से धर्म, संस्कृति, अच्छे संस्कारों एवं सामाजिक दायित्वों का महत्व जन-जन तक पहुंचाएंगे।
आयोजन समिति के अनुसार, इस सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य हिंदू समाज को एक सूत्र में बांधना, आपसी भाईचारे को मजबूत करना तथा नई पीढ़ी को अपनी सनातन संस्कृति से जोड़ना है। कार्यक्रम समाज में सद्भाव, श्रेष्ठ आचरण और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करेगा।
सम्मेलन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। गांव-गांव में जनसंपर्क कर लोगों को आयोजन की जानकारी दी जा रही है। निमंत्रण कार्ड एवं पीले चावल वितरण, प्रभात फेरी और 10 ग्राम में जागरण के माध्यम से जनजागरण किया गया है। युवा, महिलाएं, बुजुर्ग, संत समाज और समाजसेवी बड़ी संख्या में सहभागिता की तैयारी कर रहे हैं।
आयोजन स्थल पर बैठने की व्यवस्था, पेयजल, सफाई, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए सहभोज (भंडारा/प्रसादी) की विशेष व्यवस्था भी रहेगी। कार्यक्रम के दौरान समाज की प्रतिभाओं का सम्मान मंच से किया जाएगा, वहीं निःशुल्क नेत्र परीक्षण हेतु नेत्र शिविर का आयोजन भी रखा गया है।
विशाल हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति ने समस्त हिंदू भाई-बहनों से आग्रह किया है कि वे अपने परिवार सहित इस ऐतिहासिक आयोजन में सहभागी बनें, एक दिन का समय निकालकर सम्मेलन को सफल बनाएं और सनातन संस्कृति की एकजुटता का सशक्त संदेश दें।