जनसुनवाई का दरबार कुरई में...जिला कलेक्टर सुनेंगी आमजन की समस्याएं...कलेक्टर नेहा मीना की मौजूदगी में विभिन्न विभागों के अधिकारी रहेंगे उपस्थित...!

15 Jun, 2026 332 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

जिले के नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार 16 जून को कुरई विकासखंड मुख्यालय में विकासखंड स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा। जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना स्वयं उपस्थित रहकर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनेंगी और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करेंगी।
जनसुनवाई के दौरान राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, विद्युत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, खाद्य एवं सामाजिक न्याय सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहेंगे। इससे नागरिकों को अपनी शिकायतों एवं समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया जा सकेगा।

प्रशासन द्वारा बताया गया है कि जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को स्थानीय स्तर पर त्वरित एवं प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना तथा प्रशासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत बनाना है। इस पहल से शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा के साथ-साथ जमीनी स्तर की समस्याओं की वास्तविक जानकारी भी प्रशासन को प्राप्त होगी।

जिला प्रशासन ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों से संबंधित आवेदन पत्र तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ जनसुनवाई में उपस्थित होकर सीधे प्रशासन के समक्ष अपनी बात रखें और शासन-प्रशासन से संवाद का लाभ उठाएं। जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।