एडीएम कोर्ट का रीडर 20 हजार की रिश्वत लेते लोकायुक्त ने रंगे हाथों दबोचा... 30 हजार की रिश्वत सौदा 20 हजार में तय...!

16 Jun, 2026 1,161 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण


सिवनी जिले के लखनादौन में पदस्थ अपर कलेक्टर (एडीएम) न्यायालय के रीडर माधव प्रसाद तिवारी को जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार छपारा तहसील के ग्राम गंगाढाना निवासी संतोष सिसोदिया की पैतृक भूमि पर लगे पेड़ों को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा काट दिए जाने की शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी। इसी मामले में विरोधी पक्ष ने एसडीएम छपारा के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की, जिसके बाद एसडीएम द्वारा अर्थदंड लगाया गया था।
एसडीएम के आदेश से असंतुष्ट संतोष सिसोदिया ने अपर कलेक्टर न्यायालय लखनादौन में अपील दायर की थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि एडीएम कोर्ट के रीडर माधव प्रसाद तिवारी ने अपील में पक्ष में आदेश कराने के एवज में 30 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच 20 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।
शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना जबलपुर लोकायुक्त को दी। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी रीडर को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के बाद लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।