अत्यंत लघु कृषक के बेटे ने बढ़ाया जिले का मान भारतीय सेना में हुआ चयन... कोयम्बटूर में प्रशिक्षण के लिए रवाना हुए माता-पिता और ग्रामीणों ने दी शुभकामनाएं....!

23 Jun, 2026 592 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण



जिले के निकटवर्ती ग्राम हिवरा के लिए गर्व का क्षण तब आया, जब अत्यंत लघु कृषक धनसिंह बघेल के पुत्र अनिकेत बघेल का चयन भारतीय सेना (इंडियन आर्मी) में हुआ। सीमित संसाधनों के बावजूद अनिकेत ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह उपलब्धि हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे गांव और जिले का नाम रोशन किया है।
सोमवार, 22 जून 2026 को अनिकेत बघेल प्रशिक्षण के लिए कोयम्बटूर (तमिलनाडु) रवाना हुए। इस अवसर पर माता-पिता, परिजन, मित्रों एवं ग्राम हिवरा के ग्रामीणों ने उनका आत्मीय स्वागत एवं सम्मान करते हुए भावभीनी विदाई दी। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए देश सेवा के इस गौरवपूर्ण दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
ग्रामीणों ने कहा कि अनिकेत की सफलता गांव के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। कठिन परिस्थितियों में भी यदि लक्ष्य के प्रति समर्पण और मेहनत हो तो सफलता अवश्य मिलती है। अनिकेत की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और ग्रामीण स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
परिजनों ने बताया कि अनिकेत बचपन से ही सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने का सपना देखते थे। उनकी अथक मेहनत और परिवार के सहयोग ने आज उस सपने को साकार कर दिया। ग्रामीणों ने विश्वास व्यक्त किया कि अनिकेत भारतीय सेना में उत्कृष्ट सेवाएं देकर देश और जिले का नाम और अधिक गौरवान्वित करेंगे।