अवैध शराब कारोबार पर पुलिस-आबकारी और कलेक्टर से की सख्त कार्रवाई की मांग..

23 Jun, 2026 28 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

जिले की कुरई तहसील अंतर्गत ग्राम मोहगांव मड़ई में लंबे समय से संचालित कथित अवैध शराब कारोबार के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक, कलेक्टर तथा जिला आबकारी अधिकारी को अलग-अलग शिकायत पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गांव में खुलेआम अवैध रूप से शराब का भंडारण और बिक्री की जा रही है, जिससे सामाजिक वातावरण लगातार बिगड़ रहा है।
शिकायतकर्ता अभिलाष राय ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि गांव के चार लोगों द्वारा लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार संचालित किया जा रहा है। आवेदन में आरोप है कि इस गतिविधि के कारण महिलाओं, विद्यार्थियों और युवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है तथा गांव में विवाद, घरेलू हिंसा, आर्थिक शोषण और कानून-व्यवस्था संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में पहले भी कई बार पुलिस और आबकारी विभाग को शिकायतें दी गईं, लेकिन आज तक स्थायी और प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। आवेदन में यह भी दावा किया गया है कि कुछ आरोपित व्यक्तियों के विरुद्ध पहले भी आबकारी एवं पुलिस विभाग द्वारा प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं, इसके बावजूद वे दोबारा उसी गतिविधि में संलिप्त बताए जा रहे हैं।
शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा गांव में अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाई जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।
अब देखना होगा कि ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस, आबकारी विभाग और जिला प्रशासन क्या कदम उठाते हैं और गांव में अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी अंकुश लग पाता है या नहीं।