शैक्षणिक भ्रमण में प्रकृति से रूबरू हुए 350 विद्यार्थी पीएम श्री शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल जराहमोहगांव के बच्चों ने रमरमा महादेव पहाड़ी में जाना वन, वन्यजीव व सह-अस्तित्व का महत्व
18 Jan, 2026
155 व्यूज
नायक दर्पण/बालाघाट(कटंगी)।
पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जराहमोहगांव के कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण – अनुभूति कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार, 18 जनवरी 2026 को रमरमा स्थित महादेव पहाड़ी का भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सुरम्य प्राकृतिक वादियों के साथ-साथ वन्य प्राणियों के पगमार्क विष्ठा (मल) ट्रेकिंग मार्ग और वनों की जैव विविधता को निकट से देखा और समझा।
भ्रमण की शुरुआत भगवान महादेव एवं माता पार्वती की पूजा-अर्चना से हुई। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने सामूहिक भोज का आनंद लिया। कुल लगभग 350 विद्यार्थियों ने इस शैक्षणिक भ्रमण में भाग लिया, जहां उन्हें वनों का महत्व, वन्य जीव संरक्षण और प्रकृति के साथ मानव के सह-अस्तित्व की जानकारी व्यावहारिक रूप से दी गई।
संकुल प्राचार्य यू.एस. परते ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वन और वन्य प्राणी केवल पर्यावरण का हिस्सा नहीं, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व का आधार हैं। उन्होंने मानव वन्य प्राणी सह-अस्तित्व पारिस्थितिक तंत्र की क्रियाशीलता, वन्य प्राणी संरक्षण, संवहनीय जीवनशैली, मिशन लाइफ जैसी महत्वपूर्ण अवधारणाओं को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को वन भ्रमण, ट्रेकिंग, वन्य प्राणियों के पगमार्कों की पहचान और उनके रहवास के संकेतों से अवगत कराया गया, जिससे बच्चों में प्रकृति के प्रति जागरूकता और संरक्षण की भावना विकसित हुई।
इस शैक्षणिक भ्रमण में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्टाफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ प्रकृति से प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से सीखने का अवसर प्रदान करना रहा, जिसे विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सराहा।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!