राशन घोटाला...सैल्समैन ने हितग्राहियों के फिंगरप्रिंट लेकर हड़प लिया चार माह का राशन...महिला स्व-सहायता समूह की आड़ में लूट शिकायतों पर प्रशासन सोया हुआ..!
16 Jul, 2026
784 व्यूज
सिवनी नायक दर्पण
तीखी सच्चाई यह है कि गरीबों का राशन सैल्समैन की जेब में जा रहा है। जनपद पंचायत सिवनी के अंतर्गत महिला देवी स्व-सहायता समूह भाटीवाड़ा द्वारा संचालित पीडीएस राशन दुकान पर घोर अनियमितता और कथित घोटाले का मामला सामने आया है। समूह द्वारा 06 ग्रामों के हितग्राहियों को राशन वितरित किया जाना था लेकिन सैल्समैन ने फिंगरप्रिंट लेने के बाद चार महीने तक खाद्यान्न देने से इनकार कर दिया।
हितग्राहियों ने जिला कलेक्टर की जनसुनवाई में दो बार शिकायत दर्ज कराई लेकिन प्रशासन की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। परिणाम? गरीब परिवार भूखे पेट बैठे हैं जबकि उनका हक का राशन कहीं और “हजम” हो रहा है।
जब हितग्राहियों ने राशन संबंधी जानकारी मांगी तो सैल्समैन ने टालमटोल शुरू कर दिया। “कल आना, परसों आना” का सिलसिला चलता रहा और चार महीने बीत गए। फिंगरप्रिंट तो ले लिए गए लेकिन राशन गायब। हितग्राहियों का सवाल गूंज रहा है आखिर हमारा राशन जा कहाँ रहा है..?
महिला स्व-सहायता समूह की आड़ में यह राशन दुकान चल रही है लेकिन व्यवस्था पर सैल्समैन का एकछत्र राज है। गरीबों का हक मारकर कौन मोटा हो रहा है यह देखने की जिम्मेदारी प्रशासन की है जो फिलहाल चुप्पी साधे हुए है।
दो बार जिला कलेक्टर की जनसुनवाई में आवाज उठाने के बावजूद कोई जांच, कोई कार्यवाही, कोई सुधार नहीं। हितग्राहियों की परेशानी चरम पर है। राशन न मिलने से परिवारों में भुखमरी की नौबत आ गई है।
क्या कहते हैं पीड़ित...
हमने फिंगरप्रिंट दिया लेकिन राशन नहीं मिला। चार महीने से परेशान हैं। शिकायत की कोई फायदा नहीं। सैल्समैन राशन बेच रहा है या कहीं और पहुंचा रहा है पता नहीं।
यह मामला सिर्फ एक दुकान का नहीं बल्कि पूरे PDS सिस्टम में फैले सड़न का प्रतीक है। जहां गरीबों का राशन सिस्टम की खामियों और भ्रष्ट तत्वों की मिलीभगत से गायब होता रहता है।
इस मामले पर सैल्समैन को फोन किया गया तो फोन नही उठाया गया
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!