पांच दिवसीय शिवार्चनम उत्सव का हुआ भव्य समापन नदी संरक्षण, दीपदान और महाप्रसाद वितरण के साथ संपन्न हुआ जनजागरण अभियान..!
16 Jul, 2026
11 व्यूज
सिवनी नायक नायक
भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव के अवसर पर आयोजित पांच दिवसीय शिवार्चनम उत्सव का श्रद्धा, आस्था और सेवा भाव के साथ समापन हुआ। उत्सव के दौरान जल संरक्षण एवं नदियों को प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से जनजागृति अभियान चलाया गया। इसके अंतर्गत जबलपुर के ग्वारीघाट एवं वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर घाटों की सफाई, मछलियों को भोजन अर्पण, दीपदान तथा महाप्रसाद वितरण जैसे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के संयोजक एवं सामाजिक कार्यकर्ता लक्ष्मी कश्यप ने बताया कि यह आयोजन ब्रह्मलीन शारदा एवं ज्योति पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी महाराज की प्रेरणा से पिछले 16 वर्षों से सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा धर्मप्रेमियों के सहयोग से निरंतर आयोजित किया जा रहा है। वर्तमान में यह अभियान द्वारका शारदा पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती जी महाराज के आशीर्वाद तथा योगसम्राट आचार्य महेंद्र मिश्र, अध्यक्ष महर्षि पतंजलि योग ध्यान साधना संस्थान सिवनी के मार्गदर्शन में आगे बढ़ रहा है।
उत्सव के समापन अवसर पर वाराणसी स्थित जगद्गुरु शंकराचार्य स्थापित श्री विद्या मठ के प्रधान ब्रह्मचारी आत्मानंद जी महाराज ने सामाजिक कार्यकर्ता एवं धर्मसेवी लक्ष्मी कश्यप को श्रीवस्त्र एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके सामाजिक और धार्मिक कार्यों की सराहना करते हुए आशीर्वाद प्रदान किया।
इस अवसर पर परमहंसी श्री धाम के अरविंद मिश्रा, अंकित अवस्थी, पूजा कश्यप सहित वाराणसी के अनेक धर्मसेवियों का सहयोग रहा। आयोजन में धर्म, पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा का संदेश प्रमुख रूप से दिया गया।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!