छात्रा को न्याय दिलाने भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा का शक्ति प्रदर्शन... 300 से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ एसपी कार्यालय पहुंचा मोर्चा 7 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आमरण अनशन की चेतावनी...!

17 Jul, 2026 855 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण


अनुसूचित जाति वर्ग की एक छात्रा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा, जिला सिवनी ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन को सात दिन के भीतर निष्पक्ष कार्रवाई करने का अल्टीमेटम दिया। जिला अध्यक्ष वीरेंद्र डहेरिया के नेतृत्व में लगभग 300 से अधिक भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, पीड़ित परिवार के सदस्य तथा अनुसूचित जाति समाज के लोग एसपी कार्यालय पहुंचे और पुलिस अधीक्षक के नाम एसडीओपी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन की प्रति जिला कलेक्टर सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को भी प्रेषित की गई।
जिला अध्यक्ष वीरेंद्र डहेरिया ने कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग की छात्रा ने गंभीर आरोपों को लेकर पुलिस को लिखित शिकायत दी है, लेकिन अब तक कानून के अनुरूप अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक पीड़ित परिवार का मामला नहीं, बल्कि कानून के शासन और न्याय व्यवस्था में समाज के विश्वास से जुड़ा विषय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा किसी को बिना जांच दोषी ठहराने की मांग नहीं कर रहा, बल्कि शिकायत की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच चाहता है।
मोर्चा की ओर से ज्ञापन में मांग की गई है कि शिकायत की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक होने पर तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए, पीड़िता एवं उसके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए तथा जांच में दोष सिद्ध होने पर संबंधित आरोपी के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए। साथ ही पूरे मामले की निगरानी किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से कराई जाए, ताकि जांच निष्पक्ष ढंग से पूरी हो सके।
वीरेंद्र डहेरिया ने कहा कि भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा समाज की बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के लिए हमेशा संघर्ष करता रहा है। यदि किसी बेटी के साथ अन्याय होता है तो संगठन पूरी संवैधानिक और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत उसके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सात दिनों के भीतर कानून के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आठवें दिन पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संविधान सम्मत होगा तथा पीड़िता को न्याय मिलने तक जारी रहेगा।
इस दौरान भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष संतोष नागपुरे, पूर्व जिला महामंत्री अजय डागोरिया, जिला मंत्री मुनिया टांक, मयूर दुबे, मनोज नामदेव, एडवोकेट महेश लारोकर, सुखदेव जी, प्रमोद अहिरवार, राजकुमार फर्बे, विजय नंदन, संतोष माना ठाकुर, नरेश माना ठाकुर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और अनुसूचित जाति समाज के नागरिक उपस्थित रहे।
ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, गृह मंत्री, पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक, जिला कलेक्टर, राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग, मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग, राष्ट्रीय महिला आयोग तथा मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग को भी भेजे जाने का उल्लेख किया गया। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने कहा कि यदि समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।