नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार 1 ग्राम स्मैक और बाइक जब्त नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान के तहत दो आरोपी गिरफ्तार..!

24 Jul, 2026 198 व्यूज
Main Photo
लखनादौन/सिवनी नायक दर्पण


जिले में चलाए जा रहे "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के तहत लखनादौन पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1 ग्राम स्मैक एवं एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 एवं 21 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त कर आगे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी लखनादौन अपूर्व भलावी के मार्गदर्शन में थाना लखनादौन पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक ग्राम बम्होडी ब्रिज के पास मोटरसाइकिल क्रमांक MP-22 MN-3826 से स्मैक की बिक्री के उद्देश्य से खड़े हैं।
सूचना के आधार पर थाना प्रभारी के.पी. धुर्वे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 1 ग्राम स्मैक, जिसकी अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये, तथा करीब 20 हजार रुपये मूल्य की मोटरसाइकिल बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष यादव (23 वर्ष), निवासी पथरिया टीले एवं अभिषेक झारिया (19 वर्ष), निवासी महुआ टोला समनापुर, थाना लखनादौन के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों से रिमांड अवधि में स्मैक की आपूर्ति करने वाले स्रोत और पूरे नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी के.पी. धुर्वे सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।