डेढ़ साल से डॉक्टर विहीन स्वास्थ्य केंद्र में सीएमएचओ का निरिक्षण...आखिर नियमित डॉक्टर कब मिलेगा..?

27 Jul, 2026 36 व्यूज
Main Photo
पलारी/सिवनी नायक दर्पण


प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी में शनिवार को जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. पंकज दुबे ने औचक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपचार के लिए आए मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और कहा कि इस स्वास्थ्य केंद्र से उनका विशेष लगाव है तथा क्षेत्र के लोगों का यहां मिलने वाले इलाज पर भरोसा है।
निरीक्षण के दौरान मौजूद सामाजिक कार्यकर्ता एवं युवा पत्रकार मनोज ठाकुर ने सीएमएचओ के समक्ष अस्पताल की सबसे बड़ी समस्या उठाते हुए कहा कि लगभग 50 गांवों के मरीज इस स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर हैं, लेकिन पिछले डेढ़ वर्ष से यहां नियमित डॉक्टर पदस्थ नहीं होने के कारण मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर पलारी अस्पताल में नियमित डॉक्टर की नियुक्ति कब होगी।
इस पर सीएमएचओ डॉ. पंकज दुबे ने बताया कि फिलहाल प्रत्येक शनिवार को केवलारी से डॉक्टर भेजकर स्वास्थ्य सेवाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व में पदस्थ डॉक्टर इंद्रकुमार सतनाम का इस्तीफा अभी तक शासन द्वारा स्वीकृत नहीं किया गया है। इसी कारण संबंधित पद रिक्त नहीं माना जा रहा और नियमित नियुक्ति संभव नहीं हो पा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेशभर में डॉक्टरों की कमी है, फिर भी विभाग पलारी में जल्द नियमित डॉक्टर की नियुक्ति के लिए प्रयासरत है।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल के चिकित्सकीय एवं स्वास्थ्य कर्मी भी उपस्थित रहे। वहीं क्षेत्रवासियों को अब नियमित डॉक्टर की नियुक्ति का इंतजार है, ताकि 50 से अधिक गांवों के लोगों को बेहतर और निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।