जिला कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचे विद्यार्थी और अभिभावक पुराने भवन में जगह की कमी और सुविधाओं के अभाव...संदीपनि विद्यालय की प्राथमिक-माध्यमिक कक्षाओं को कंडीपार शिफ्ट करने बस सुविधा की मांग..!

28 Jul, 2026 76 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

संदीपनि प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय की कक्षाओं को नवीन विद्यालय भवन, कंडीपार में स्थानांतरित किए जाने तथा विद्यार्थियों के लिए नियमित बस सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर मंगलवार को जिला कलेक्टर की जनसुनवाई में विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि संदीपनि विद्यालय का नवीन भवन ग्राम कंडीपार में पूर्ण रूप से निर्मित हो चुका है, जहां वर्तमान में कक्षा 9वीं से 12वीं तक का शिक्षण कार्य संचालित हो रहा है। वहीं प्राथमिक एवं माध्यमिक कक्षाएं अभी भी डूंडा सिवनी स्थित पुराने प्राथमिक विद्यालय भवन में संचालित की जा रही हैं।

अभिभावकों का कहना है कि पुराने विद्यालय भवन में विद्यार्थियों की संख्या की तुलना में पर्याप्त कक्ष उपलब्ध नहीं हैं। इसके साथ ही विद्यालय परिसर भी अत्यंत छोटा है, जिससे विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के लिए आवश्यक स्थान और सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

उन्होंने बताया कि कंडीपार स्थित नवीन विद्यालय भवन में पर्याप्त कक्ष, विशाल परिसर तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध है। ऐसे में प्राथमिक एवं माध्यमिक कक्षाओं को भी वहां स्थानांतरित किया जाना विद्यार्थियों के हित में होगा।

विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि प्राथमिक एवं माध्यमिक कक्षाओं को शीघ्र नवीन भवन कंडीपार में स्थानांतरित किया जाए तथा विद्यार्थियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए नियमित बस सुविधा भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि दूर-दराज के छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।