परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप डॉक्टर की जगह कंपाउंडर से उपचार कराने की बात...रेफर करने में दो घंटे की देरी का दावा... युवक की मौत के बाद फूटा गुस्सा हाईवे पर चक्का जाम...!
31 Jul, 2026
299 व्यूज
सिवनी/घंसौर नायक दर्पण
सिवनी जिले के घंसौर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार सुबह 22 वर्षीय युवक की उपचार के दौरान मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
परिजनों का आरोप है कि युवक को घबराहट की शिकायत होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था, लेकिन उसका उपचार डॉक्टर के बजाय कंपाउंडर द्वारा किया गया। उनका कहना है कि मरीज की हालत गंभीर होने के बावजूद समय पर चिकित्सक उपलब्ध नहीं कराया गया। साथ ही जिला अस्पताल रेफर करने में करीब दो घंटे की देरी हुई, जिसके चलते युवक की जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अस्पताल में लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया। ग्रामीणों ने वर्तमान चिकित्सा स्टाफ को हटाकर योग्य डॉक्टरों और पर्याप्त स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति की मांग की।
स्थिति की जानकारी मिलते ही एसडीएम, एसडीओ, तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण जिम्मेदारों पर कार्रवाई और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में ठोस सुधार के आश्वासन की मांग पर अड़े रहे।
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन पूरे मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की बात कह रहा है। वहीं, अस्पताल प्रबंधन की ओर से आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!