​नशे की धुन बच्चों का भविष्य डुन छपारा के देवरी कला में टुल गुरुजी का कारनामा जांच टीम का ड्रामा..​बीआरसी से लेकर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी और सहायक आयुक्त तक इस शर्मनाक वाकये की भनक पहुंचा...!

31 Jul, 2026 19 व्यूज
Main Photo
​सिवनी नायक दर्पण

एक तरफ सरकार 'नशे से दूरी 2.0' का ढोल पीट रही है, तो दूसरी तरफ सिवनी के छपारा जनपद शिक्षा केंद्र के प्राथमिक शाला देवरी कला में गुरुजी खुद 'नशे की दूरी' नापना भूल गए हैं! पहली से पांचवीं कक्षा के जिन मासूमों के हाथों में कलम होनी चाहिए, वे शराब की बदबू के बीच अपना भविष्य तलाशने को मजबूर हैं।

​दोपहर करीब 12:30 बजे जब मीडिया की टीम विद्यालय पहुंची तो क्लासरूम में पढ़ाई नहीं, शराब की दुर्गंध तैर रही थी। जब शिक्षक से इस कदर बदबू आने का कारण पूछा गया तो साहब का जवाब भी बिल्कुल बेमिसाल था आज नहीं कल पी थी।

​अब सवाल यह उठता है कि क्या कल की पी हुई शराब की खुमारी आज दोपहर 12:30 बजे तक उतरती नहीं या फिर कल और आज के बीच की बोतल का हिसाब छुपाया जा रहा है..? मासूम बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की यह हद नहीं तो और क्या है..?

​मामले का भंडाफोड़ होते ही मीडिया ने बीआरसी कार्यालय को आड़े हाथों लिया। अधिकारियों ने फौरन सीना चौड़ा करके आश्वासन दिया कि दो सदस्यीय जांच टीम विद्यालय भेजी जा रही है। लेकिन साहब...यह सरकारी आश्वासन था! दोपहर 12:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक मीडिया मौके पर डटी रही लेकिन जांच टीम का दूर-दूर तक कोई अता-पता नहीं चला। क्या जांच टीम रास्ते में रास्ता भूल गई या फिर मामले को ठंडे बस्ते में डालने की अंदरूनी सेटिंग शुरू हो चुकी थी..?

​बीआरसी से लेकर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी और सहायक आयुक्त (सिवनी) तक इस शर्मनाक वाकये की भनक पहुंचा दी गई है। पहली से पांचवीं के मासूम जिन्हें सही और गलत की समझ भी नहीं है उनके सामने अगर शिक्षक ही नशे में धुत होकर पहुंचेगा तो समाज को क्या संदेश जाएगा..?

क्या सिवनी शिक्षा विभाग इस मामले में सिर्फ जांच-जांच का खेल खेलेगा या फिर दोषी शिक्षक पर ऐसी गाज गिराएगा जिससे दूसरों की भी खुमारी उतर जाए...? या फिर हर बार की तरह यह फाइल भी धूल फांकने के लिए छोड़ दी जाएगी...?