पुलिस दबिश से मची भगदड़ कई आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार...जुएं के फड़ पर तीन जुआरी गिरफ्तार..!
03 Aug, 2026
152 व्यूज
घंसौर/सिवनी नायक दर्पण
जिले के घंसौर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बीती रात जुएं के एक बड़े फड़ पर छापेमार कार्रवाई करते हुए तीन जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की दबिश पड़ते ही मौके पर भगदड़ मच गई जबकि कई अन्य लोग अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
घंसौर थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह झारिया ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बरोदा एवं गोरखपुर के आसपास के जंगल क्षेत्र में बड़े स्तर पर जुएं का फड़ संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही जुआरियों में अफरा-तफरी मच गई लेकिन तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि फड़ का संचालन क्षेत्र के तीन युवक कर रहे थे। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के दौरान कुछ ओर की भी इस जुएं के फड़ में कथित संलिप्तता के संबंध में जानकारी मिली है। फिलहाल पुलिस इस संबंध में साक्ष्य एकत्रित कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री एवं नगदी जब्त कर जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!