सरकारी अभिलेखों में हेराफेरी का खुलासा...फर्जी दस्तावेजों से जीवित महिला का बनवाया मृत्यु प्रमाण पत्र आरोपी गिरफ्तार...!

04 Aug, 2026 152 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

सिवनी जिले के लखनवाडा थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए एक जीवित महिला का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने झूठे आवेदन, शपथ पत्र और ग्राम पंचायत का अप्राप्यता प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर सरकारी अभिलेखों में हेराफेरी की थी। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जिला जेल भेज दिया है।
समाचार: पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री चंचलेश मरकाम के नेतृत्व में थाना लखनवाडा पुलिस ने सरकारी अभिलेखों में कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से हेराफेरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मामले की शुरुआत 29 जुलाई 2026 को हुई जब तहसील कार्यालय सिवनी में पदस्थ पटवारी गौरव गांधी ने तहसीलदार सिवनी के आदेश एवं जांच प्रतिवेदन के आधार पर शिकायत प्रस्तुत की। जांच में सामने आया कि गोपालगंज निवासी मनोज कुमार यादव ने झूठे आवेदन पत्र, शपथ पत्र और ग्राम पंचायत का अप्राप्यता प्रमाण पत्र लगाकर सहसकली बाई की वर्ष 1992 में मृत्यु होना दर्शाते हुए फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करा लिया था।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि सरस्वती बाई और सहसकली बाई एक ही महिला के नाम हैं, जिसे आरोपी ने जानबूझकर छिपाया। संबंधित महिला वर्तमान में जीवित है और ग्राम बम्हनी (गोपालगंज) में निवास कर रही है। आरोपी द्वारा कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर सरकारी रिकॉर्ड में फर्जी मृत्यु दर्ज कराई गई।
मामले में थाना लखनवाडा में अपराध क्रमांक 344/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 338, 336(3) एवं 336(4) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। थाना प्रभारी उप निरीक्षक सी.के. सिरामे के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने 3 अगस्त 2026 को आरोपी मनोज कुमार यादव (46 वर्ष), निवासी गोपालगंज को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जिला जेल सिवनी भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।