अखिल भारतीय ब्राह्मण एकीकृत परिषद की जिला स्तरीय बैठक एवं सम्मान समारोह संपन्न नवनियुक्त पदाधिकारियों का हुआ सम्मान
05 Aug, 2026
29 व्यूज
सिवनी नायक दर्पण
अखिल भारतीय ब्राह्मण एकीकृत परिषद, जिला सिवनी द्वारा रविवार को सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय, सोमवारी चौक, भैरोगंज में सम्मान समारोह एवं मासिक बैठक का आयोजन किया गया। लगभग तीन घंटे तक चले इस गरिमामय कार्यक्रम में जिलेभर से परिषद के नवनियुक्त पदाधिकारी, सदस्य एवं विप्र समाज के गणमान्यजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान परशुराम एवं भगवान वेदव्यास के चित्र पर माल्यार्पण तथा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष पं. राघवेंद्र शर्मा ने की। मुख्य अतिथि पं. रामकुमार अवस्थी तथा विशिष्ट अतिथि जबलपुर संभाग महासचिव पं. ताराचंद मिश्रा उपस्थित रहे।
इस अवसर पर परिषद के नवनियुक्त पदाधिकारियों का पुष्पमालाओं एवं सम्मान-पत्रों के साथ अभिनंदन किया गया तथा उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। जिला अध्यक्ष पं. राघवेंद्र शर्मा ने जिला कार्यकारिणी, विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्षों एवं सिवनी नगर इकाई के पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपकर संगठन की नई जिम्मेदारियां सौंपीं।
जिला कार्यकारिणी में पं. प्रशांत तिवारी को महासचिव, पं. नौबद प्रसाद शुक्ला एवं पं. विजय कुमार शुक्ला को उपाध्यक्ष, पं. अवधेश तिवारी को कोषाध्यक्ष, पं. ब्रजकिशोर शर्मा को सहसचिव तथा पं. बृजेंद्र कुमार पाण्डेय एवं पं. अंकुर दुबे को कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किया गया। विभिन्न प्रकोष्ठों में महिला, युवा, धर्म-संस्कृति जागरण, शिक्षा, विधि, चिकित्सा, विवाह, व्यापार एवं प्रशासनिक-सेवानिवृत्त प्रकोष्ठों के अध्यक्षों की भी नियुक्ति की गई। वहीं सिवनी नगर इकाई में पं. अभिषेक त्रिपाठी को नगर अध्यक्ष, पं. नीता राजेंद्र शर्मा को नगर महिला अध्यक्ष तथा पं. सौरभ शुक्ला को नगर युवा अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
समारोह के दौरान मध्यप्रदेश राज्य अध्यक्ष श्री सी.बी. त्रिपाठी के माध्यम से नियुक्त पं. ताराचंद मिश्रा का जबलपुर संभाग महासचिव एवं सिवनी जिला संरक्षक के रूप में सम्मान किया गया। साथ ही पं. रामकुमार अवस्थी एवं पं. प्रेम प्रकाश दुबे का भी सम्मान किया गया।
बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान को गति देने, प्रत्येक क्षेत्र में नई कार्यकारिणी के गठन, समाज में समन्वय एवं एकता को मजबूत करने, युवाओं एवं महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक उत्थान के लिए आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि संगठित समाज ही अपने अधिकारों एवं दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकता है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से परिषद से जुड़कर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मातृशक्ति, युवा एवं वरिष्ठ विप्र बंधुओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। संचालन पं. ब्रजकिशोर शर्मा ने किया, जबकि अंत में जिला संयोजक संजय मिश्रा ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए राष्ट्र एवं समाज की उन्नति की कामना के साथ कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!