गौ-तस्करों पर बड़ा प्रहार, 23 गौ-वंश मुक्त; 3 आरोपी गिरफ्तार... सागर से नागपुर कत्लखाने ले जाए जा रहे गौ-वंश को बचाया कंटेनर जब्त...!
06 Aug, 2026
286 व्यूज
सिवनी नायक दर्पण
जिले में गौ-वंश तस्करी के खिलाफ सिवनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 23 गौ-वंश को मुक्त कराया है। कोतवाली थाना पुलिस ने सागर से नागपुर कत्लखाने ले जाए जा रहे एक कंटेनर को पकड़कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लगभग 10 लाख रुपये कीमत का कंटेनर भी जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी श्री चंचलेश मरकाम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक श्री सतीश तिवारी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि जबलपुर से नागपुर की ओर जा रहे एक कंटेनर में गौ-वंश को क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने जबलपुर-नागपुर फोरलेन स्थित छिंदवाड़ा रोड ब्रिज के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर कंटेनर क्रमांक UP22AT9332 का चालक और एक अन्य व्यक्ति भागने लगे, जिन्हें पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान कंटेनर में 23 बैल ठूंस-ठूंसकर भरे मिले। सभी पशुओं के सींग, पैर और गर्दन रस्सियों से बंधे हुए थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गौ-वंश को सागर जिले के बीना बायपास क्षेत्र से खरीदकर नागपुर के कत्लखाने ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने सभी 23 गौ-वंश को सुरक्षित मुक्त कराकर दयोदय जीवरक्षा संस्थान गौशाला, बीझावाड़ा भेज दिया, जहां उनके चारा-पानी और देखरेख की व्यवस्था की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में फारुख खां (राजगढ़), बाबू अली (रामपुर, उत्तर प्रदेश) और रियाजुल (रामपुर, उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। आरोपियों के विरुद्ध गौ-वंश वध प्रतिषेध अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक सतीश तिवारी सहित कोतवाली थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी ने कहा कि जिले में गौ-वंश तस्करी और अवैध परिवहन के विरुद्ध सिवनी पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!