8 अगस्त से अनिश्चितकालीन चक्का जाम की चेतावनी...बस ऑपरेटरों की बैठक आंदोलन की रणनीति हुई तैयार...सरकार के रुख पर टिकी निगाहें..!
06 Aug, 2026
36 व्यूज
सिवनी नायक दर्पण
प्रदेशभर में प्रस्तावित निजी बसों के अनिश्चितकालीन बंद को लेकर आज का दिन निर्णायक माना जा रहा है। प्रदेश बस ऑपरेटर संघ और राज्य सरकार के बीच होने वाली बैठक के नतीजों पर पूरे मध्यप्रदेश के साथ सिवनी जिले के निजी बस संचालकों की भी नजर टिकी हुई है। बस संचालकों का कहना है कि अब आगे की रणनीति प्रदेश संगठन के हाईकमान के निर्देश के अनुसार तय की जाएगी।
इसी विषय को लेकर सिवनी के इंडियन कॉफी हाउस में जिला प्राइवेट बस एसोसिएशन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बस ऑपरेटरों को बताया गया कि यदि 7 अगस्त तक आठ सूत्रीय मांगों पर सरकार की ओर से संतोषजनक निर्णय नहीं लिया जाता है, तो 8 अगस्त से जिले सहित पूरे प्रदेश में निजी बसों का संचालन अनिश्चितकाल के लिए बंद किया जा सकता है। ऐसे में सभी संचालकों से अपनी-अपनी बसें विभिन्न मार्गों पर नहीं चलाने की तैयारी रखने को कहा गया है। संभावित असुविधा के लिए बस संचालकों ने यात्रियों से पहले ही खेद भी व्यक्त किया है।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि लगभग 25 वर्ष पहले मध्यप्रदेश राज्य परिवहन निगम के बंद होने के बाद सरकार के अनुरोध पर निजी बस संचालकों ने विभिन्न मार्गों पर सेवाएं शुरू की थीं। उनका आरोप है कि अब निजी बस व्यवसाय को कमजोर कर नए उद्योगपतियों को बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही है, जिससे बस संचालकों में गहरा आक्रोश है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों की लगातार अनदेखी हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
बस संचालकों ने बताया कि उनकी आठ प्रमुख मांगों में से किराया वृद्धि संबंधी मांग को सरकार ने राजपत्र में प्रकाशित कर स्वीकृति दी है, लेकिन अन्य मांगों पर भी सकारात्मक निर्णय लिया जाना आवश्यक है। उनका कहना है कि 7 अगस्त की बैठक के परिणाम और प्रदेश संगठन के निर्देश मिलने के बाद ही अंतिम निर्णय की घोषणा की जाएगी।
बैठक में जिला प्राइवेट बस एसोसिएशन के अध्यक्ष तेजवली सिंह सहित पुष्पेंद्र सिंह, रामान सिंह सनोडिया, चंद्रभान सिंह, मोरे ठाकुर, डेहरिया, पवन दिवाकर, इम्तियाज खान, दीपक जैन, कलीम खान, मनीष ठाकुर, सुभाष गंगवानी, मोहम्मद इब्राहिम, संजय नागपुर, नितेश साहू, हजेला खान एवं अन्य बस संचालक उपस्थित रहे।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!