डकैती कांड का फरार मुख्य सरगना गिरफ्तार... तीन साल पुराने डकैती कांड... मंडला पुलिस के सहयोग से....!
14 Sep, 2026
33 व्यूज
केवलारी/सिवनी नायक दर्पण
करीब तीन साल से फरार चल रहे सनसनीखेज डकैती कांड के मुख्य सरगना को केवलारी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मुखबिर सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर मंडला पुलिस के सहयोग से ईनामी आरोपी प्रदीप उर्फ राधे पिता मनीराम कुशवाहा (33) निवासी पोरसा, जिला मुरैना को पकड़ा। आरोपी को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार 29-30 दिसंबर 2023 की दरमियानी रात गणेश कॉलोनी केवलारी निवासी दीपक कुमार डहेरिया के घर में पांच अज्ञात बदमाश घुसे थे। बदमाशों ने कुल्हाड़ी, पेचकस और एयर पिस्टल जैसे हथियारों से परिवार को डराकर सोने-चांदी के आभूषण, 24 हजार रुपये नकद और दो एंड्राइड मोबाइल लूट लिए थे। मामले में थाना केवलारी में अपराध क्रमांक 589/2023 के तहत धारा 395 भादवि में प्रकरण दर्ज किया गया था।
मामले में पुलिस ने पूर्व में तीन आरोपियों प्रद्युम वैष्णव, रामसहाय उर्फ करिया गुर्जर और सद्दाम उर्फ रामगणेश उर्फ रामनरेश उर्फ सरदार गुर्जर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। वहीं मुख्य सरगना प्रदीप उर्फ राधे लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और उपलब्ध साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण करते हुए आरोपी की तलाश जारी रखी। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर डकैती की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिवनी कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी केवलारी आशीष भराड़े के नेतृत्व में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रीतम सिंह तिलगाम सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!