बैगा बस्ती की चौखट पर पहुंचे अंकित जैतवार ओर अजय नागेश्वर योजनाओं की हकीकत आई सामने...चुनाव जीतने के बाद बैगा मोहल्ले की सुध लेने नहीं आए विधायक...!
14 Sep, 2026
14 व्यूज
कांहीवाड़ा/ सिवनी नायक दर्पण
सिवनी जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत कांहीवाड़ा के वार्ड क्रमांक 19 स्थित बैगा मोहल्ले में सोमवार को घर-घर संपर्क के दौरान सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत सामने आई। केवलारी विधानसभा क्षेत्र के नेता अंकित जैतवार और पत्रकार अजय नागेश्वर ने करीब 30 से 32 बैगा परिवारों के घर पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने शौचालय, राशन, आधार कार्ड, समग्र आईडी, पेंशन, आवास, गैस कनेक्शन और बिजली सहित कई मूलभूत समस्याएं सामने रखीं।
शौचालय नहीं, बना तो दो महीने में टूट गया.....!
ग्रामीणों ने बताया कि कई घरों में आज भी शौचालय नहीं हैं। भूमिका बैगा ने बताया कि उन्हें लाड़ली बहना योजना का लाभ नहीं मिल रहा और गैस कनेक्शन भी नहीं मिला। पंचायत से बनाया गया शौचालय करीब दो माह में ही टूट गया। शिल्पा बैगा ने बताया कि पीला राशन कार्ड होने के बावजूद 35 किलो के स्थान पर 25 किलो राशन मिल रहा है। अर्जुन, मनोरमा, वकीला, पुनीत सिंह, नखीला और कीमत वरकड़े सहित कई परिवारों ने भी शौचालय, पेंशन और आवास संबंधी समस्याएं बताईं।
टपरे में जिंदगी, आधार-समग्र आईडी भी नहीं.......!
नैना और किशोर बैगा ने टपरे में रहने की बात बताई। किशोर का आधार कार्ड अब तक नहीं बन सका। समीर बैगा ने बताया कि समग्र आईडी नहीं होने के कारण सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया और पक्का मकान भी नहीं बन सका। रायश्री आशीष इरपाचे ने भी आधार और समग्र आईडी की समस्या बताई। ईशा बिशन इरपाचे ने बताया कि एक ही घर में तीन परिवार रहते हैं और समग्र आईडी में नाम नहीं जुड़ने के कारण योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा।
प्रधानमंत्री आवास पर भी उठे सवाल......!
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों की गुणवत्ता को लेकर भी ग्रामीणों ने शिकायतें कीं। मीना बबलू बैगा ने प्लास्टर उखड़ने और निर्माण गुणवत्ता खराब होने की बात कही। लक्ष्मी बाई बैगा ने बताया कि वर्ष 2023-24 में बने मकान की छत से पानी टपकता है। सुनीता बैगा ने भी प्लास्टर उखड़ने और शौचालय नहीं होने की समस्या बताई। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की जांच की मांग की है।
आधार नहीं बना तो छूट गई पढ़ाई....!
सोयम इरपाची बैगा ने बताया कि आठवीं तक पढ़ाई करने के बाद आधार कार्ड नहीं बनने के कारण नौवीं कक्षा में प्रवेश नहीं मिल सका और पढ़ाई छूट गई। उन्होंने आधार बनने पर दोबारा पढ़ाई शुरू करने की इच्छा जताई। वहीं सत्यम बैगा ने दिव्यांग होने के कारण तीन पहिया साइकिल उपलब्ध कराने की मांग की। कक्षा पांचवीं के छात्र अनिकेत वरकड़े ने भी पैर में परेशानी और दिव्यांगता पेंशन नहीं मिलने की समस्या बताई।
विपक्ष का विधायक हूं कहकर जिम्मेदारी से नहीं बच सकते.......!
अंकित जैतवार ने क्षेत्रीय विधायक रजनी सिंह ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव जीतने के बाद जनप्रतिनिधियों को जनता के बीच पहुंचकर समस्याएं सुननी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि बैगा मोहल्ले की बदहाली देखने विधायक अब तक क्यों नहीं पहुंचीं। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याएं सुनना किसी दल या सत्ता-विपक्ष से जुड़ा विषय नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है।
कलेक्टर-एसडीएम से विशेष शिविर लगाने की मांग.......!
जैतवार ने जिला प्रशासन से भी सवाल करते हुए कहा कि यदि जागरूकता कार्यक्रम और जनसुनवाई के बावजूद लोगों के आधार कार्ड, समग्र आईडी और राशन संबंधी समस्याएं दूर नहीं हो पा रही हैं तो व्यवस्था की समीक्षा जरूरी है। उन्होंने कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार और संबंधित विभागों से बैगा मोहल्ले में विशेष शिविर लगाने की मांग की।
शिविर में पंचायत, खाद्य, महिला एवं बाल विकास......!
सामाजिक न्याय, राजस्व, स्वास्थ्य और अन्य विभागों की मौजूदगी में आधार कार्ड, समग्र आईडी, राशन, पेंशन, आवास, शौचालय, गैस और अन्य योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का मौके पर निराकरण किया जा सकता है। जैतवार ने सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते सहित जनप्रतिनिधियों से भी बैगा परिवारों के बीच पहुंचकर उनकी वास्तविक स्थिति देखने की अपील की।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!