गूंजे नाग महाराज के जयकारे श्रद्धा और परंपरा के साथ मनाई गई पटा पंचमी...पटा पंचमी, नाग पंचमी एवं ऋषि पंचमी पर मंदिर परिसर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब...!
15 Sep, 2026
61 व्यूज
सिवनी नायक नायक
नगर में पुरानी सभ्यता, संस्कृति और सनातन परंपराओं के अनुरूप पटा पंचमी, नाग पंचमी एवं ऋषि पंचमी का पर्व श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मठ मंदिर प्रांगण में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। सामाजिक बंधुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों ने एकत्र होकर भगवान नाग महाराज की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
पर्व को लेकर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक वातावरण देखने को मिला। बुजुर्गों के साथ युवाओं और माताओं-बहनों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और अपनी पारंपरिक रीति-रिवाजों का निर्वहन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान नाग महाराज का दूध, जल, फल, फूल एवं अक्षत से अभिषेक किया गया। इसके बाद आरती कर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की गई।
पूर्वजों की परंपरा को सहेजने का संकल्प......!
कार्यक्रम में उपस्थित समाजजनों ने कहा कि पटा पंचमी का पर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि पुरखों से चली आ रही संस्कृति और परंपरा को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम भी है। इसी उद्देश्य से प्रतिवर्ष सामूहिक रूप से पर्व मनाया जाता है, ताकि नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ी रहे।
पूजन के बाद हुआ महाप्रसाद.....!
पूजन-अर्चन एवं आरती के उपरांत मंदिर परिसर में महाप्रसाद का आयोजन किया गया। सामाजिक बंधुओं और श्रद्धालुओं ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन में आपसी भाईचारे, सामाजिक एकजुटता और धार्मिक सौहार्द की झलक दिखाई दी।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने मंदिर पहुंचे सभी सामाजिक बंधुओं, श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!