तेज तूफान और बारिश से मक्का की फसल चौपट...ग्राम गुंदराई, गोबरवेली, परासिया में किसानों को भारी नुकसान शीघ्र सर्वे और आर्थिक सहायता की मांग...!

18 Sep, 2026 57 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

जिले में शुक्रवार, 18 सितंबर 2026 को तेज तूफान के साथ हुई बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। ग्राम पंचायत खमरिया के अंतर्गत आने वाले ग्राम गुंदराई, गोबरवेली और परासिया में तेज आंधी-तूफान और बारिश के कारण खेतों में खड़ी मक्का की फसल को भारी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। किसानों के अनुसार कई खेतों में मक्का की फसल गिर गई और तैयार होती फसल चौपट हो गई है।
किसानों का कहना है कि उन्होंने खरीफ सीजन में मेहनत और लागत लगाकर मक्का की फसल तैयार की थी। फसल से उन्हें अच्छी उपज और आमदनी की उम्मीद थी, लेकिन अचानक आए तेज तूफान और बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। फसल के नुकसान से किसानों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न होने की चिंता बढ़ गई है।
किसानों ने शासन-प्रशासन से हाथ जोड़कर शीघ्र सर्वे कराने की मांग की है, ताकि वास्तविक नुकसान का आकलन हो सके। किसानों का कहना है कि राजस्व एवं कृषि विभाग की टीम द्वारा प्रभावित खेतों का मौके पर निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया जाए और नुकसान के आधार पर पात्र किसानों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
किसानों की मांग—जल्द हो नुकसान का आकलन
प्रभावित किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि खराब मौसम से प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे दल भेजकर मक्का सहित अन्य फसलों की स्थिति का जायजा लिया जाए। किसानों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी स्थिति को गंभीरता से लेते हुए राहत एवं सहायता की प्रक्रिया जल्द शुरू करेगा।