तूफान की तबाही से मक्का की फसल जमीन पर, किसानों के सामने संकट....ऐरपा से कटंगी तक तेज आंधी-बारिश ने मचाई तबाही जनपद सदस्य ने प्रशासन को दी जानकारी...!

18 Sep, 2026 161 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

शुक्रवार को शाम करीब 4 बजे पानी के साथ आए तेज तूफान ने जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जमकर तबाही मचाई। ग्राम ऐरपा, लामाज्योति, मोहगांव, थरेली, खमरिया होते हुए हरहरपुर-कटंगी तक तूफान का व्यापक असर देखने को मिला। तेज हवाओं के चलते खेतों में खड़ी मक्के की फसल बड़ी संख्या में जमीन पर लेट गई, जिससे किसानों को भारी नुकसान होने की बात सामने आई है।
किसानों के अनुसार फसल पकने की अवस्था में थी और उन्हें इससे अच्छी उपज की उम्मीद थी। अचानक आए तूफान ने किसानों की महीनों की मेहनत और खेती में लगी लागत पर संकट खड़ा कर दिया है। खेतों में मक्के की फसल गिर जाने से उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है।
जनपद सदस्य ने अधिकारियों को दी सूचना
क्षेत्र में हुए फसल नुकसान की जानकारी जनपद सदस्य अनुसूया परसराम सनौड़िया द्वारा फोन के माध्यम से कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार एवं संबंधित विधायक को दी गई। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित गांवों में तत्काल सर्वे कराकर फसल नुकसान का वास्तविक आकलन कराने की मांग की है।
किसानों ने मांगा उचित मुआवजा और बीमा राशि
जनपद सदस्य ने प्रशासन से मांग की कि प्रभावित किसानों की फसलों का शीघ्र सर्वे कराया जाए तथा पात्र किसानों को नियमानुसार फसल नुकसान का उचित मुआवजा एवं बीमा राशि दिलाने की कार्रवाई तत्काल की जाए। किसानों का कहना है कि खेती की फसल ही उनके परिवार की आय का प्रमुख आधार है। फसल बर्बाद होने की स्थिति में बच्चों की स्कूल फीस, परिवार के भरण-पोषण और आगामी कृषि कार्यों का खर्च जुटाना मुश्किल हो सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में राजस्व एवं कृषि विभाग की टीम भेजकर खेत-खेत नुकसान का जायजा लिया जाए और किसानों को जल्द राहत उपलब्ध कराई जाए।