146 साल पुरानी परंपरा का दंगल, बारिश के बीच उमड़ा जनसैलाब....आगरा के सौरभ पहलवान ने जीता प्रथम पुरस्कार महिला पहलवान पूर्वा ने भी दिखाया दम...!

20 Sep, 2026 41 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

जैतपुर कलां। राधाष्टमी की पवित्र तिथि पर ग्राम जैतपुर कलां में 146 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा विशाल ईनामी दंगल इस वर्ष भी उत्साह और रोमांच के साथ संपन्न हुआ। दिल्ली, हरियाणा, आगरा, बनारस, अमरावती, इंदौर, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, दतिया सहित क्षेत्र के पहलवानों ने अखाड़े में अपने दांव-पेंच दिखाए।
दोपहर में हुई भारी बारिश के कारण दंगल निर्धारित समय से कुछ देर बाद शाम 4 बजे शुरू हुआ और रात 11 बजे तक चला। बारिश के बावजूद हजारों दर्शक अखाड़े में डटे रहे। आयोजन समिति के बसंत बघेल ने बताया कि दर्शकों और पहलवानों की मौजूदगी ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
दंगल का आकर्षण कुकरई से आए दो नन्हे पहलवान और छिंदवाड़ा की महिला पहलवान पूर्वा रहीं। पूर्वा ने पुरुष पहलवानों को मुकाबले में पटकनी देकर दर्शकों से खूब वाहवाही और नगद इनाम हासिल किया।
मुख्य मुकाबले में प्रथम पुरस्कार की राशि 21 हजार से बढ़ाकर 26,200 रुपये कर दी गई थी। आगरा के सौरभ पहलवान ने बनारस के अरविंद को हराकर प्रथम पुरस्कार और शील्ड अपने नाम की। द्वितीय पुरस्कार 11 हजार रुपये एवं शील्ड इंदौर के विजय भाटिया ने दिल्ली के वीरेंद्र को पराजित कर जीता। तृतीय पुरस्कार 5,100 रुपये एवं शील्ड विशाल कामता ने नीरज हलाल को हराकर हासिल किया।
आयोजन में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ लखनवाड़ा थाना प्रभारी पुलिस टीम सहित मौजूद रहे। आयोजन समिति ने भारी बारिश के बावजूद दंगल में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी दर्शकों और पहलवानों का आभार व्यक्त किया।