तूफान ने किसानों की उम्मीदों पर फेरा पानी, खेतों में बिछी मक्के की फसल....मूसलाधार बारिश से मिनी पंजाब कहे जाने वाले क्षेत्र में भारी नुकसान मुआवजा और बीमा राशि की मांग...!

21 Sep, 2026 54 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

सिवनी 20 सितंबर को दोपहर करीब 3 बजे के बाद हुई मूसलाधार बारिश और तेज तूफान ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। अचानक आए मौसम के बदलाव से खेतों में खड़ी मक्के की फसल बड़ी संख्या में गिर गई। फसल के जमीन पर बिछ जाने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान की आशंका है।
मिनी पंजाब के नाम से पहचाने जाने वाले क्षेत्र के पालरी, खापा बाजार, डोरकरांजी, मैना पिपरिया, कुचिवाड़ा, चंदनवाड़ा, समनापुर, गोंडी और हिनोतिया सहित आसपास के गांवों में तूफान का व्यापक असर बताया जा रहा है। कई खेतों में पकने की अवस्था में पहुंच चुकी मक्के की फसल तेज हवाओं के कारण गिर गई। इससे किसानों की महीनों की मेहनत और फसल से जुड़ी उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।
किसानों का कहना है कि फसल के गिरने से उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। वहीं खेतों में पानी और गिरी हुई फसल के कारण नुकसान का आंकलन भी जरूरी हो गया है। प्राकृतिक आपदा के बाद किसानों के सामने अब परिवार के पालन-पोषण और आगामी कृषि खर्चों को लेकर चिंता खड़ी हो गई है।
किसानों ने शासन-प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सर्वे कराकर फसल क्षति का आकलन कराने तथा नियमानुसार मुआवजा और फसल बीमा राशि दिलाने की मांग की है। किसानों का कहना है कि समय रहते सर्वे और राहत की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई तो नुकसान का वास्तविक आंकलन प्रभावित हो सकता है। अब किसानों की नजर प्रशासन की टीमों के खेतों तक पहुंचने और राहत संबंधी कार्रवाई पर टिकी है।