खंडहर मकान में छिपाकर रखी 42 पेटी शराब जब्त 26 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार.... त्योहारी सीजन में महंगे दामों पर बेचने की थी तैयारी...!
24 Sep, 2026
186 व्यूज
सिवनी नायक दर्पण
अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने लगातार चौथे दिन तीसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए गंज वार्ड में रेलवे लाइन किनारे स्थित एक खंडहर मकान से 42 पेटी शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से 26 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कुल मात्रा 362 लीटर तथा अनुमानित कीमत 1 लाख 71 हजार 280 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 23 सितंबर की रात सूचना मिली थी कि खंडहर मकान में भारी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान अमन राय पिता रविन्द्र राय, निवासी मंगलीपेठ, सिवनी के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान मकान से 33 पेटी सफेद देशी प्लेन शराब, 7 पेटी देशी मसाला शराब के अलावा मैकडॉवेल नंबर-1 रम की 48 और ओल्ड मोंक रम की 12 बोतलें बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक आरोपी शराब को अलग-अलग दुकानों से एकत्रित कर आगामी 2 अक्टूबर और त्योहारी अवधि में ऊंचे दामों पर बेचने के उद्देश्य से खंडहर मकान में रखे हुए था।
आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पुलिस शराब के स्रोत और इस मामले से जुड़े अन्य संभावित लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में आबकारी एक्ट के 2 और जुआ एक्ट के 3 मामलों सहित कुल 7 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!