नगर पालिका कार्यालय में रंगे हाथ पकड़े गए गजानंद नाफड़े.... 2 लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार....!
25 Sep, 2026
135 व्यूज
मंडला नायक दर्पण (प्रदीप कुमार शर्मा)
नगर पालिका मंडला में पदस्थ मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) गजानंद नाफड़े को लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने 2 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई नगर पालिका कार्यालय में की गई।
जानकारी के अनुसार, करीब 15 लाख रुपए के बिलों के भुगतान के एवज में CMO द्वारा 4 लाख रुपए की रिश्वत मांगे जाने की शिकायत लोकायुक्त से की गई थी। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।
शुक्रवार को लोकायुक्त जबलपुर की टीम नगर पालिका कार्यालय पहुंची। जैसे ही CMO गजानंद नाफड़े ने शिकायतकर्ता से 2 लाख रुपए की रिश्वत राशि ली, टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद कार्यालय में हड़कंप की स्थिति बन गई।
लोकायुक्त टीम द्वारा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई और दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। रिश्वत की मांग और बिल भुगतान से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!