सोनी मोहल्ले के शंकर मंदिर में उत्साह और उमंग से मनाया गणेश उत्सव
25 Sep, 2026
5 व्यूज
धूमा/सिवनी नायक दर्पण
सोनी मोहल्ला स्थित शंकर मंदिर में मोहल्लेवासियों द्वारा भगवान गणेश का उत्सव बड़े उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। गणेश उत्सव के दौरान मंदिर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मोहल्लेवासियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर पंडित दुर्गेश पांडे द्वारा विधि-विधान से भगवान गणेश की स्थापना, पूजा-अर्चना एवं हवन कराया गया। उत्सव के दौरान प्रतिदिन भगवान गणेश की आरती के साथ श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया गया। वहीं दीप उत्सव कार्यक्रम भी मनाया गया।
मंगलवार को देवेन्द्र श्रीवास्तव द्वारा मंदिर परिसर में सुंदरकांड का पाठ कराया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ सहभागिता की। वहीं गुरुवार को गणेश उत्सव के समापन अवसर पर भंडारा एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया।
गणेश उत्सव के दौरान मोहल्ले के बच्चों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने भजन-कीर्तन के साथ नृत्य कार्यक्रमों में भाग लेकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पूरे आयोजन के दौरान शंकर मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
मोहल्लेवासियों ने बताया कि सामूहिक रूप से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम का उद्देश्य आपसी भाईचारे, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता को बढ़ावा देना है। आयोजन में मोहल्ले के महिला-पुरुषों, युवाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!