तेज हवाओं से किसानों की मेहनत पर संकट कई किसानों की मक्का फसल प्रभावित

26 Sep, 2026 54 व्यूज
Main Photo
राहीवाड़ा/सिवनी नायक दर्पण

बीते दिनों क्षेत्र में आए तेज हवा-तूफान ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। तेज हवाओं के कारण खेतों में खड़ी मक्का की फसल कई जगह गिरकर प्रभावित हो गई। राहीवाड़ा निवासी किसान रितेश पांडेय के खेत में भी मक्का की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। फसल के गिरने से उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है।
किसान रितेश पांडेय ने बताया कि तूफान से पहले मक्का की फसल अच्छी स्थिति में थी। अचानक चली तेज हवाओं ने खेत में खड़ी फसल को गिरा दिया। उनके अलावा राहीवाड़ा क्षेत्र के अन्य किसानों के खेत भी तूफान की चपेट में आए हैं। इससे किसानों के सामने आर्थिक नुकसान का संकट खड़ा हो गया है।
सर्वे की मांग राहत की आस.....
प्रभावित किसानों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का वास्तविक आकलन जरूरी है। किसानों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि प्रभावित खेतों का शीघ्र सर्वे कराया जाए, नुकसान का आंकलन किया जाए तथा शासन के नियमानुसार पात्र किसानों को राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
किसानों का कहना है कि फसल तैयार होने के समय आई प्राकृतिक मार ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। अब किसानों की नजर प्रशासनिक सर्वे और राहत की कार्रवाई पर टिकी है।