सद्भाव ग्रुप की कमान अब साकेत कपूर के हाथ सर्वसम्मति से अध्यक्ष मनोनीत
27 Sep, 2026
42 व्यूज
सिवनी नायक दर्पण
27 सितंबर। सद्भाव ग्रुप के पूर्व अध्यक्ष नवल सिंह ठाकुर का कार्यकाल पूरा होने के बाद आयोजित बैठक में शहर के प्रतिष्ठित आदर्श विकास केंद्र के प्रोपराइटर साकेत कपूर को सर्वसम्मति से ग्रुप का नया अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
बैठक में वरिष्ठ सदस्य करम सिंह बघेल, अभिराज सिंह ठाकुर, ऋषिकांत त्रिवेदी, आशीष गोलू सक्सेना, विनीत जायसवाल और राजेश यादव ने साकेत कपूर के नाम का प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव को उपस्थित सदस्यों ने ध्वनि मत से स्वीकार करते हुए उन्हें अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष नवल ठाकुर सहित वरिष्ठ सदस्यों ने पुष्प-गुच्छ भेंट कर नवनियुक्त अध्यक्ष का स्वागत किया। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि साकेत कपूर के नेतृत्व में सद्भाव ग्रुप सामाजिक, धार्मिक, आर्थिक और खेल गतिविधियों को आगे बढ़ाते हुए नई ऊंचाइयां हासिल करेगा। उनके ताजपोशी कार्यक्रम की तिथि शीघ्र निर्धारित की जाएगी।
साकेत कपूर सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने तिलक स्कूल में खेल आयोजनों से अपनी सक्रियता की शुरुआत की और जिले के प्रतिष्ठित गजानन स्पोर्ट्स क्लब की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्तमान में वे क्लब के अध्यक्ष हैं। स्वयं फुटबॉल और क्रिकेट से जुड़े रहे कपूर सद्भाव ग्रुप के डबल विकेट सहित विभिन्न आयोजनों में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
सद्भाव परिवार ने नवनियुक्त अध्यक्ष के उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की है।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!