गौली समाज संगठन को मिला नया नेतृत्व, बृजमोहन चंद्रवंशी बने जिलाध्यक्ष....बंजारी माता मंदिर छपारा में जिला स्तरीय अधिवेशन व निर्वाचन बैठक संपन्न, गंगाराम चंद्रवंशी को संरक्षक की जिम्मेदारी...!

28 Sep, 2026 5 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

जिला गौली (चंद्रवंशी) समाज संगठन सिवनी का जिला स्तरीय सामाजिक अधिवेशन, संगठनात्मक विमर्श एवं निर्वाचन बैठक 27 सितंबर को बंजारी माता मंदिर, छपारा में संपन्न हुई। जिले के विभिन्न अंचलों और लगभग 115 ग्रामों से बड़ी संख्या में सामाजिक बंधुओं ने शामिल होकर संगठन की एकजुटता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बंजारी माता एवं भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुआ। इसके बाद दूर-दराज से पहुंचे सामाजिकजनों का तिलक एवं पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया। निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप देने के लिए समाज के करीब 80 वरिष्ठ एवं प्रबुद्धजनों को मंचासीन कर निर्णायक मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई।

तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा, गंगाराम चंद्रवंशी बने संरक्षक...
बैठक में संगठन के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त टीआई गंगाराम चंद्रवंशी ने अपने तीन वर्षीय कार्यकाल का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। वर्ष 2022 में शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने जिला गौली (चंद्रवंशी) समाज संगठन की आधारशिला रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
उनके कार्यकाल में विभिन्न ग्रामों और सामाजिक इकाइयों को एक मंच पर लाने, आपसी संवाद बढ़ाने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को विस्तार देने के प्रयास किए गए। तीन वर्षीय कार्यकाल पूरा होने के बाद गंगाराम चंद्रवंशी ने जिला अध्यक्ष पद से त्यागपत्र देकर दायित्व से निवृत्ति की घोषणा की। उपस्थित सामाजिकजनों ने उनके अनुभव एवं योगदान को देखते हुए उन्हें सर्वसम्मति से संगठन का संरक्षक घोषित किया।
बृजमोहन चंद्रवंशी को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी.....
नए नेतृत्व को लेकर वरिष्ठ सामाजिकजनों एवं विभिन्न अंचलों के प्रतिनिधियों के बीच विचार-विमर्श और मंथन किया गया। इसके बाद संरक्षक मंडल द्वारा नवीन जिला पदाधिकारियों की घोषणा की गई।
संरक्षक — गंगाराम चंद्रवंशी, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त टीआई
अध्यक्ष — बृजमोहन चंद्रवंशी, भोमा
कार्यकारी अध्यक्ष — बलराम चंद्रवंशी, कटंगी-गोपालगंज
सचिव — तुलसीराम चंद्रवंशी, सिवनी
सह-सचिव — शिव प्रसाद चंद्रवंशी, जोगीगुफा, लखनादौन
नवीन पदाधिकारियों की घोषणा के बाद सामाजिकजनों ने उनका स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं। शेष जिला कार्यकारिणी का गठन आगामी बैठक में किए जाने की बात कही गई।

58 ग्रामों की क्षेत्रीय समिति की रही सहभागिता.....
नवीन कार्यकारिणी के गठन में सुनवारा, गणेशगंज, छपारा एवं केवलारी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष हरिश्चन्द्र चंद्रवंशी की महत्वपूर्ण सहभागिता रही। इस क्षेत्र की पंजीकृत क्षेत्रीय समिति में 58 ग्राम शामिल हैं। निर्वाचन प्रक्रिया में समिति से जुड़े सामाजिक प्रतिनिधियों एवं वरिष्ठजनों ने सहभागिता की। हरिश्चन्द्र चंद्रवंशी और नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष बृजमोहन चंद्रवंशी की उपस्थिति में प्रतिनिधियों के सामूहिक विमर्श एवं सहमति से संगठनात्मक प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।

150 वाहनों के काफिले के साथ निकले सामाजिकजन.....
आयोजन में सामाजिक बंधुओं के लिए स्वल्पाहार, चाय एवं पेयजल की व्यवस्था की गई। बैठक समाप्त होने के बाद करीब 150 चारपहिया वाहनों का काफिला बंजारी माता मंदिर से सिवनी होते हुए भोमा की ओर रवाना हुआ। इस दौरान नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष बृजमोहन चंद्रवंशी का सामाजिकजनों ने अभिनंदन किया।
संगठन ने आगामी समय में सामाजिक एकता, समरसता, आपसी संवाद, संगठनात्मक अनुशासन और सामाजिक उन्नयन को प्राथमिकता देने की बात कही। ग्राम स्तर से जिला स्तर तक बेहतर समन्वय स्थापित कर सामाजिक हित के विषयों पर सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प भी व्यक्त किया गया।