डेढ़ करोड़ की डबल मनी ठगी छह आरोपी गिरफ्तार... पुलिस की बड़ी कार्रवाई 66.50 लाख रुपए का मशरूका जब्त...!

02 Oct, 2026 49 व्यूज
Main Photo
मंडला नायक दर्पण (प्रदीप कुमार शर्मा)

जिले के चर्चित डबल मनी प्रकरण में मंडला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मामले में करीब 1.75 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी संबंधी शिकायतें प्राप्त हुई हैं। आरोपियों पर निवेशकों को कम समय में जमा पूंजी दोगुनी करने और अधिक लाभ का लालच देकर राशि निवेश कराने का आरोप है।
पुलिस अधीक्षक मंडला राजेश रघुवंशी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी पीयूष मिश्रा के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर नागपुर, गोंदिया, मुंबई और बालाघाट सहित विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान मंडला, गोंदिया और बालाघाट से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
66.50 लाख का मशरूका बरामद
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 32 लाख रुपए नकद, तीन स्कूटी करीब 3.50 लाख रुपए, एक मारुति ब्रेजा कार करीब 10 लाख रुपए, एक हुंडई अल्काजार कार करीब 20 लाख रुपए तथा करीब 50 हजार रुपए कीमत का मोबाइल फोन बरामद किया गया है। जब्त मशरूका का कुल अनुमानित मूल्य 66.50 लाख रुपए बताया गया है।
जांच में पुलिस को हुंडई अल्काजार कार पहले गिरवी रखे होने की जानकारी भी मिली। पुलिस के अनुसार कथित धोखाधड़ी से प्राप्त राशि में से करीब 11 लाख रुपए नकद देकर कार छुड़ाई गई थी।
निवेशकों की जानकारी जुटा रही पुलिस
गिरफ्तार आरोपियों में राजिक कुरैशी, मोहसिन उर्फ समीम खान, अब्दुल समीर शेख, रसीद खान, साजिद खान और इमरान शेख शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी राजिक कुरैशी के खिलाफ नागपुर के नंदनवन थाने में भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर निवेशकों, प्राप्त राशि, संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने नागरिकों से बिना सत्यापन किसी भी ऐसी निवेश योजना में राशि नहीं लगाने की अपील की है, जिसमें कम समय में रकम दोगुनी या असामान्य लाभ का लालच दिया जाए।