सिवनी में सेवा का महाआयोजन....विधायक दिनेश राय मुनमुन के नेतृत्व में विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर 50 सिलाई मशीनें और ब्यूटी पार्लर किट से मातृशक्ति को मिलेगा स्वरोजगार का संबल...!

04 Oct, 2026 42 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन के नेतृत्व में सेवा संकल्प अभियान के तहत 8 अक्टूबर को सिवनी में सेवा और जनकल्याण का व्यापक आयोजन किया जा रहा है। ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के अंतर्गत बाहुबली लॉन में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच, परामर्श और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही पात्र नागरिकों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए जाएंगे।
एक ही छत के नीचे विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं...
शिविर में नाक-कान-गला, हड्डी रोग, महिला रोग, नेत्र रोग, दंत रोग और हृदय रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा आयुष विभाग और पैथोलॉजी से संबंधित सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंद नागरिकों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना और उन्हे
शासन की स्वास्थ्य योजनाओं से जोड़ना है।
शिविर में मरीजों की आवश्यकता के अनुसार स्वास्थ्य जांच के बाद चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा। इससे ग्रामीण और जरूरतमंद नागरिकों को अलग-अलग स्थानों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों के पास जाने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मोतियाबिंद मरीजों के 10 अक्टूबर को होंगे ऑपरेशन...
नेत्र परीक्षण शिविर में मोतियाबिंद सहित अन्य नेत्र संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की पहचान की जाएगी। साई नेत्रा ऑप्टिकल के संचालक योगेंद्र पटेल द्वारा निःशुल्क नेत्र परीक्षण किया जाएगा। जांच में चयनित मोतियाबिंद मरीजों के 10 अक्टूबर को झोतेश्वर में ऑपरेशन किए जाएंगे। जरूरतमंद मरीजों को चश्मे एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी।
दिव्यांगजनों को मिलेंगे सहायक उपकरण.....
कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए उन्हें उपयोगी सहायक उपकरण भी वितरित किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य जांच तक सीमित न रहकर जरूरतमंद लोगों को उपचार और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना है।
50 सिलाई मशीनों से मातृशक्ति को मिलेगा रोजगार.....
सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य सेवा के साथ महिला सशक्तिकरण पर भी जोर दिया गया है। कार्यक्रम में ओमकला केंद्र से प्रशिक्षण प्राप्त मातृशक्ति को 50 सिलाई मशीनों का वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही चयनित प्रशिक्षणार्थियों को ब्यूटी पार्लर किट एवं डिप्लोमा भी प्रदान किए जाएंगे।
इस पहल का उद्देश्य प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने हुनर को आय के साधन में बदलकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
स्वास्थ्य सेवा के साथ आत्मनिर्भरता का संदेश.....
‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य सेवा और महिला सशक्तिकरण को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया गया है। एक ओर जरूरतमंद नागरिकों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की निःशुल्क सेवाएं मिलेंगी, वहीं दूसरी ओर प्रशिक्षण प्राप्त मातृशक्ति को स्वरोजगार के साधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
भाजपा जिला महामंत्री संतोष अग्रवाल ने बताया कि शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से 8 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक बाहुबली लॉन पहुंचकर शिविर का लाभ लेने की अपील की है।
भाजपा पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद.....
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष मीना बिसेन, सांसद भारती पारधी, विधायक दिनेश राय मुनमुन सहित विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्तरों के जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। सेवा संकल्प अभियान की जिला एवं मंडल टोली के साथ विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी भी आयोजन में शामिल होंगे।
8 अक्टूबर का यह आयोजन स्वास्थ्य सेवा, जरूरतमंदों की सहायता और मातृशक्ति को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनसेवा को धरातल पर पहुंचाने और जरूरतमंदों को सीधे लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।