8 अक्टूबर को गूंजेगी कुश्ती की हुंकार, देशभर के पहलवान दिखाएंगे दमखम....शामिल, विजेताओं पर बरसेगी इनामी राशि....मुख्य अतिथि होगें विधायक....!

05 Oct, 2026 63 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर ग्राम जाम में 8 अक्टूबर, गुरुवार को विशाल इनामी दंगल का आयोजन किया जा रहा है। दोपहर 12 बजे से शुरू होने वाले इस दंगल में मध्यप्रदेश सहित पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, आगरा, भोपाल समेत देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहलवानों के पहुंचने की संभावना है। नामी पहलवानों के बीच होने वाले रोमांचक मुकाबलों को लेकर ग्रामीणों और कुश्ती प्रेमियों में खासा उत्साह है।

हनुमान पूजन के साथ होगा शुभारंभ.......!
दंगल का शुभारंभ हनुमान जी के पूजन-अर्चन के साथ किया जाएगा। कार्यक्रम में सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन समिति द्वारा दंगल को भव्य रूप देने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित इस आयोजन में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है।

विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार.......!
आयोजन समिति द्वारा पहलवानों के उत्साहवर्धन के लिए आकर्षक इनामी राशि रखी गई है। दंगल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पहलवानों को प्रथम पुरस्कार के रूप में 51 हजार रुपए, द्वितीय पुरस्कार 31 हजार रुपए, तृतीय पुरस्कार 21 हजार रुपए, चतुर्थ पुरस्कार 11 हजार रुपए तथा पंचम पुरस्कार के रूप में 5100 रुपए प्रदान किए जाएंगे। इनामी मुकाबलों को लेकर पहलवानों में भी उत्साह देखा जा रहा है।

पहलवान करा सकते हैं पंजीयन.......!
दंगल में भाग लेने के इच्छुक पहलवान ग्राम पंचायत जाम के सरपंच गोलू सनोडिया के पास अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक पहलवानों से दंगल में शामिल होने की अपील की है। समिति का कहना है कि ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने के साथ युवाओं को पारंपरिक खेलों से जोड़ना आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।

अखाड़ा संस्कृति को बढ़ावा देने की पहल......!
आयोजन समिति के अनुसार कुश्ती केवल खेल नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की पारंपरिक खेल संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। दंगल के माध्यम से स्थानीय और बाहर से आने वाले पहलवानों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। साथ ही युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने और अखाड़ा संस्कृति को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

इन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी.....!
दंगल के सफल आयोजन की जिम्मेदारी समिति अध्यक्ष धनेन्द्र सिंह राजपूत, उपाध्यक्ष संदीप ठाकुर, रामनरेश ठाकुर एवं गोपाल सनोडिया तथा कोषाध्यक्ष मनमोहन सनोडिया को सौंपी गई है। कृष्णकांत ठाकुर एवं रविशंकर सनोडिया निर्णायक की भूमिका निभाएंगे। वहीं मंच संचालन राजेश ठाकुर (गुरु भैया), तुलाराम रजक एवं दीपक सेंगर करेंगे। आयोजन समिति ने कुश्ती प्रेमियों से अधिक संख्या में पहुंचकर पहलवानों का उत्साहवर्धन करने और रोमांचक मुकाबलों का आनंद लेने की अपील की है।