धान पंजीयन केंद्रों पर पहुंचे जिला आपूर्ति अधिकारी... तकनीकी दिक्कतों की ली जानकारी, कर्मचारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश....!

05 Oct, 2026 75 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

धान पंजीयन प्रक्रिया को सुचारू और किसानों के लिए सुविधाजनक बनाए रखने के उद्देश्य से जिला आपूर्ति अधिकारी देवेंद्र कुमार खोबरिया ने सोमवार को जिले के विभिन्न धान पंजीयन केंद्रों का सतत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही पंजीयन प्रक्रिया में सामने आ रही तकनीकी समस्याओं की जानकारी ली।
जिला आपूर्ति अधिकारी ने कातलबोड़ी (लखनवाड़ा), भाटीवाड़ा (मड़वा) सहित अन्य पंजीयन केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों पर मौजूद कर्मचारियों से अब तक हुए पंजीयन, किसानों की संख्या तथा पंजीयन के दौरान सामने आ रही तकनीकी परेशानियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारी ने केंद्र पर पहुंचे किसानों से सीधे संवाद किया। उन्होंने किसानों से पंजीयन प्रक्रिया में आ रही परेशानियों के बारे में जानकारी लेते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। किसानों द्वारा बताई गई तकनीकी एवं अन्य समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारी ने कहा कि पंजीयन प्रक्रिया के दौरान किसानों को अनावश्यक परेशानी न हो और निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनका पंजीयन सुचारू रूप से हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सहकारिता विभाग के दिलीप डहेरिया सहित संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पंजीयन केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देने और पंजीयन कार्य को व्यवस्थित रूप से पूरा कराने पर जोर दिया।