एक फीट से कम गहराई में पाइपलाइन.... मजदूरों की मजदूरी अटकी....!

06 Oct, 2026 23 व्यूज
Main Photo
मंडला/नारायणगंज नायक दर्पण

नारायणगंज ग्राम पिंडरई माल के बर्रा टोला में पीएच विभाग द्वारा कराए जा रहे पाइपलाइन कार्य को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई स्थानों पर पाइपलाइन निर्धारित मानकों के अनुरूप गहराई में नहीं डाली जा रही है। कुछ जगहों पर पाइपलाइन जमीन की सतह से एक फीट से भी कम गहराई में होने का दावा किया गया है। ऐसे में कार्य की गुणवत्ता और भविष्य में पाइपलाइन की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक पाइपलाइन बिछाने के दौरान उन्होंने ठेकेदार और कार्य में लगे लोगों से पर्याप्त गहराई में पाइप डालने की बात कही, लेकिन उनकी आपत्तियों को गंभीरता से नहीं लिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पाइपलाइन कम गहराई में डाली गई तो भविष्य में सड़क, आवागमन अथवा अन्य कार्यों के दौरान पाइप क्षतिग्रस्त होने की आशंका बनी रहेगी।

काम के साथ मजदूरी भुगतान का मुद्दा भी गरमाया.....!
पाइपलाइन की गहराई के सवाल के साथ ही कार्य में लगे कुछ मजदूरों की मजदूरी का भुगतान नहीं होने की शिकायत भी सामने आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि मजदूरों ने काम किया, लेकिन उन्हें मेहनताना मिलने में परेशानी हो रही है। मजदूरों ने अपनी बकाया राशि का भुगतान कराने की मांग की है।
ग्रामीण कुंवर सिंह परते का कहना है कि ठेकेदार से कई बार पाइपलाइन को पर्याप्त गहराई में डालने की बात कही गई, लेकिन उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि यदि सरकारी योजना का कार्य हो रहा है तो उसकी गुणवत्ता भी निर्धारित मापदंडों के अनुसार सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही मजदूरों की मजदूरी का भुगतान भी समय पर होना चाहिए।
समाजसेवी झामसिंह तेकाम ने कहा कि ग्रामीण विकास कार्यों का विरोध नहीं करते, बल्कि चाहते हैं कि काम गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित मापदंडों के अनुसार हो। उन्होंने पीएच विभाग के अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर पाइपलाइन की वास्तविक गहराई, उपयोग की जा रही सामग्री, कार्य की गुणवत्ता और मजदूरों के भुगतान से जुड़े मामले की जांच कराने की मांग की है।

अब विभागीय निरीक्षण का इंतजार......!
ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा है कि मौके पर निरीक्षण के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी कि पाइपलाइन निर्धारित मापदंडों के अनुरूप डाली जा रही है या नहीं। साथ ही मजदूरों के भुगतान संबंधी शिकायत की भी जांच कर बकाया राशि दिलाने की मांग की गई है।अब देखना यह है कि ग्रामीणों की शिकायत के बाद पीएच विभाग मौके पर पहुंचकर जांच करता है या पाइपलाइन का काम इसी तरह आगे बढ़ता रहता है।