दंगल में आगरा के सौरभ पहलवान ने मारी बाजी जीता 51 हजार का प्रथम पुरस्कार....दिल्ली के समसाद पहलवान रहे दूसरे स्थान पर...विधायक ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह....15 से 20 हजार दर्शकों की उमड़ी भीड़....!

09 Oct, 2026 94 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

जिले के ग्राम जाम में 8 अक्टूबर को आयोजित विशाल इनामी दंगल में देशभर से आए पहलवानों ने अपनी कुश्ती कला और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। दोपहर 12 बजे शुरू हुआ दंगल रात 12 बजे तक चला। 12 घंटे तक चले इस आयोजन में एक से बढ़कर एक रोमांचक मुकाबले हुए। कुश्ती का आनंद लेने के लिए करीब 15 से 20 हजार दर्शक पहुंचे। दर्शकों ने तालियों और उत्साह के साथ पहलवानों का हौसला बढ़ाया।
दंगल के प्रमुख मुकाबले में आगरा के सौरभ पहलवान ने हरियाणा के पवन पहलवान को पराजित कर प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता सौरभ को 51 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं, दिल्ली के समसाद पहलवान ने आगरा के मागे पहलवान को हराकर दूसरा स्थान प्राप्त किया। उन्हें 31 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया।

रोमांचक मुकाबलों में पहलवानों ने दिखाया दमखम.....!
दंगल में मथुरा के सरफराज पहलवान और कालीघटा के गज्जू पहलवान के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा। सिहोरा के सौरभ पहलवान ने दिल्ली के भूरा पहलवान को शिकस्त दी। उन्हें 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसी तरह कर्नाटक के सचिन पहलवान ने वाकामुकासा के विनोद पहलवान को हराकर जीत दर्ज की। विजेता को 5,100 रुपये दिए गए।
इसके अलावा समिति की ओर से पांच अन्य कुश्तियां आयोजित की गईं, जिनके विजेताओं को 11-11 हजार रुपये प्रदान किए गए। दो अन्य मुकाबलों के विजेताओं को 5,100-5,100 रुपये देकर सम्मानित किया गया। पहलवानों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को अंत तक मुकाबलों से जोड़े रखा।

विधायक ने बढ़ाया पहलवानों का उत्साह.....!
कार्यक्रम में सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पहलवानों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। ग्रामीण क्षेत्र में इतने बड़े स्तर पर दंगल का आयोजन और हजारों दर्शकों की मौजूदगी ने पारंपरिक कुश्ती के प्रति लोगों के लगाव को प्रदर्शित किया।

समिति के प्रयासों से सफल हुआ आयोजन......!
विशाल इनामी दंगल का आयोजन समिति अध्यक्ष धनेंद्र राजपूत के नेतृत्व में किया गया। मंच संचालन राजेश भैया (गुरु), तुलाराम रजक और दीपक सेंगर ने किया। मुकाबलों में निर्णायक की भूमिका कृष्णा पटेल, रवि सनोडिया और ओमशंकर ठाकुर ने निभाई।
आयोजन को सफल बनाने में उपाध्यक्ष संदीप ठाकुर, रामनरेश ठाकुर एवं गोपाल सनोडिया, कोषाध्यक्ष मनमोहन सनोडिया, सरपंच गोलू सनोडिया सहित समिति के अन्य सदस्यों का योगदान रहा। ग्राम जाम का यह दंगल कुश्ती प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। विजेता पहलवानों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन ने ग्रामीण खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ ही पारंपरिक कुश्ती के प्रति उत्साह को भी उजागर किया।