माता की भक्ति, गरबा की धूम और रावण दहन—नवरात्रि में सजेगी उत्सवों की महफिल...

16 Oct, 2026 44 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

श्री सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति ड्रीमलैड सिटी सिवनी द्वारा वर्ष 2026 के शारदीय नवरात्रि उत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। समिति द्वारा 11 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक प्रतिदिन धार्मिक, सांस्कृतिक और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धालुओं को माता की भक्ति के साथ सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

समिति की निर्धारित कार्यक्रम सूची के अनुसार, 11 अक्टूबर को कलश स्थापना एवं प्रतिमा स्थापना के साथ उत्सव का शुभारंभ होगा। 12 अक्टूबर को प्रतियोगितात्मक कार्यक्रम के अंतर्गत मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 13 अक्टूबर को डांस प्रतियोगिता, 14 अक्टूबर को कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता तथा 15 अक्टूबर को महाआरती कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।

इसी क्रम में 16 अक्टूबर को गरबा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति और उत्साह के साथ सहभागिता करेंगे। 17 अक्टूबर को थाली प्रतियोगिता तथा 18 अक्टूबर को संगीत एवं भजन कार्यक्रम प्रस्तावित है। उत्सव के अंतिम चरण में 19 अक्टूबर को हवन, जवारे विसर्जन एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा। 20 अक्टूबर को रावण दहन और 21 अक्टूबर को विसर्जन कार्यक्रम के साथ उत्सव का समापन होगा।

समिति ने कार्यक्रमों के सुचारु संचालन के लिए पुरुष एवं महिला सदस्यों की जिम्मेदारियां भी निर्धारित की हैं। पुरुष वर्ग में श्री उमेश गढ़पाल, श्री निलेश कावरे, श्री रविकांत शर्मा एवं श्री पंकज पटेल के नाम शामिल हैं। वहीं महिला वर्ग में कु. अर्चना राजपूत, कु. संजना गढ़पाल, श्रीमती अलका शर्मा एवं श्रीमती नेहा चौहान को जिम्मेदारी सौंपी गई है। समिति का उद्देश्य धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपराओं और सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।