जिला अस्पताल में 80 नवजातों की मौत का आरोप, सीएमएचओ और डॉक्टरों पर एफआईआर की मांग... मोमबत्तियां जलाकर मृत नवजातों और गर्भवती महिलाओं को दी श्रद्धांजलि आप ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन....!

18 Oct, 2026 41 व्यूज
Main Photo
नायक दर्पण सिवनी

सिवनी। जिला अस्पताल में नवजात शिशुओं एवं गर्भवती महिलाओं की मृत्यु के मामलों को लेकर आम आदमी पार्टी ने 16 अक्टूबर 2026 को कचहरी चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने मोमबत्तियां जलाकर मृत नवजातों और गर्भवती महिलाओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपकर कथित चिकित्सकीय लापरवाही, अव्यवस्थाओं और अवैध वसूली के आरोपों की निष्पक्ष जांच तथा जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।

आम आदमी पार्टी के जिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सिवनी जिला अस्पताल में बीते 70 दिनों के दौरान 80 नवजात शिशुओं की मृत्यु हुई है। पार्टी ने गर्भवती महिलाओं की मृत्यु के मामलों का उल्लेख करते हुए अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं और व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। पार्टी ने मांग की कि सभी मामलों की जांच कर मौतों के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाए और जांच के निष्कर्ष सार्वजनिक किए जाएं।

मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में पार्टी ने आरोप लगाया कि अस्पताल में प्रसव के नाम पर कुछ चिकित्सकों द्वारा कथित तौर पर 5 हजार से 10 हजार रुपये तक की राशि मांगी जाती है। पार्टी का दावा है कि राशि नहीं देने पर समुचित उपचार नहीं मिलने और निजी अस्पतालों में जाने की सलाह दिए जाने जैसी शिकायतें भी सामने आई हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र जांच कराने तथा जिला अस्पताल प्रभारी डॉ. पारस पटेरिया सहित संबंधित चिकित्सकों, अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की पड़ताल करने की मांग की गई।

आप ने पिछले चार माह में हुई नवजात शिशुओं एवं गर्भवती महिलाओं की मौतों की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने की मांग की। पार्टी ने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार निलंबन सहित प्रशासनिक कार्रवाई की जाए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई भी की जाए।

ज्ञापन में प्रत्येक मृतक के परिजन को 25 लाख रुपये मुआवजा देने, जिला अस्पताल परिसर में कलेक्टर की निगरानी में शिकायत पेटी स्थापित करने और शिकायतों के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन जारी करने की मांग की गई। पार्टी ने चिकित्सकों की उपलब्धता, प्रसूति सेवाओं और नवजात देखभाल व्यवस्था की समीक्षा कर तत्काल सुधार करने पर जोर दिया। आप ने कहा कि मातृ-शिशु सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। अस्पताल में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित कर जांच की प्रगति तथा कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक की जाए। प्रदर्शन के दौरान जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी की ओर से अंकित जैतवार (अधिवक्ता), आम आदमी पार्टी जिला सिवनी एवं केवलारी विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 116 ने मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की।